केबिन में बुलाकर अभद्रता: वरिष्ठ डॉक्टर के खिलाफ महिला अधिकारी से छेड़छाड़ का मामला दर्ज

वरिष्ठ डॉक्टर के खिलाफ महिला अधिकारी से छेड़छाड़ का मामला दर्ज
अरिहंत मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल की घटना

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शहर के मेडिकल चौक में अरिहंत मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल में एक हाई-प्रोफाइल मामला सामने आया है। यहां के एक 70 वर्षीय वरिष्ठ डॉक्टर पर अस्पताल की महिला अधिकारी के साथ छेड़छाड़ का आरोप है। आरोपी डॉ. सुबोध गुप्ता (70) है। पीड़ित महिला अधिकारी का आरोप है कि, उसका पैर एक हादसे के दौरान जख्मी हो गया था। डॉ. गुप्ता, जो उनके पिता के उम्र के हैं, ने अपने केबिन में बुलाया और जांच करने के नाम पर उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। पीड़िता ने यह बात बाकी सहयोगियों को बताई। इसके बाद मामला इमामवाड़ा थाने पहुंचा। 23 वर्षीय महिला अधिकारी ने डॉ. सुबोध गुप्ता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी डॉ. सुबोध गुप्ता के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पैर की चोट ठीक होने के बाद ड्यूटी पर लौटी थी: पुलिस के अनुसार महिला अधिकारी ने बताया कि, वह करीब 7 माह से अरिहंत मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल में नौकरी करती है। गत 11 नवंबर को सीताबर्डी इलाके में एक हादसे में उसके पैर में चोट लग गई थी। वह 11 से 30 नवंबर तक छुट्टी पर थी। 1 दिसंबर को अस्पताल में ड्यूटी पर ज्वाइन हुई। वह पूरी तरह ठीक नहीं थी, इसलिए ऑफिस में ड्यूटी कर रही थी। 7 दिसंबर को वह अस्पताल में काम कर रही थी, तब दोपहर करीब 1.50 बजे डॉ. सुबोध गुप्ता ने उसे मोबाइल पर फोन किया। उस दिन वह डॉ. गुप्ता के केबिन में जाना भूल गई थी। उसे जब 11 दिसंबर को याद आया, तो वह डॉ. गुप्ता के केबिन में गई। इस दौरान डॉ. गुप्ता के मोबाइल पर किसी का फोन आया, तो वह करीब 5 मिनट तक बात करते रहे।

जांच के बहाने बेड पर लिटाया : पीड़िता का कहना है कि, डॉ. गुप्ता ने उससे कहा कि, वह ठीक से नहीं चल पा रही है। वह उसकी मदद करेंगे। इसके बाद डॉ. गुप्ता ने अपने केबिन में बेड पर लिटाने के बाद जांच करने के नाम उसके साथ छेड़छाड़ की। डॉ. गुप्ता ने बदतमीजी की, तो वह केबिन से बाहर भागकर आ गई। इसके बाद उसने आर्थोपेडिक्स डॉ. उज्ज्वल वानखेड़े को अपना चोटिल पैर दिखाया। इसके बाद पीड़िता ने अस्पताल के क्वालिटी मैनेजर मानसी चौरागड़े, नर्सिंग हेड नैना सुखदेवे, मार्केटिंग अधिकारी रजत जैन को घटना के बारे में बताया।

बात बढ़ी, तो डायरेक्टर तक पहुंची : पीड़िता ने सेंटर हेड डॉ. विकास चौधरी को घटना के बारे में बताया। बात अस्पताल के डायरेक्टर निखिल कुसुमगर तक पहुंची, तब उन्होंने डॉ. सुबोध को अपने केबिन में बुलाया। डॉ. गुप्ता करीब एक घंटे बाद डायरेक्टर कुसुमगर के केबिन में पहुंचने के बाद बोलने लगा कि, वह पीड़िता के पैर में लगी चोट की जांच कर रहा था, तब पीडिता ने कहा कि, चोट उसके पैर में लगी थी, जबकि डॉ. गुप्ता उसकी छाती सहित अन्य जगहों की जांच करने के नाम पर छेड़छाड़ कर रहे थे।

अब तक गिरफ्तारी नहीं : पीड़िता ने इस बारे में अपनी सहेली को घटना के बारे में बताया और डॉ. सुबोध गुप्ता के खिलाफ इमामवाड़ा थाने में शिकायत की। पुलिस ने आरोपी डॉ. सुबोध गुप्ता के खिलाफ धारा 354 (ए)(2) के तहत मामला दर्ज किया है। खबर लिखे जाने तक आरोपी डॉ. गुप्ता की गिरफ्तारी नहीं हुई थी। इमामवाड़ा पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Created On :   12 Dec 2023 6:58 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story