जांच जारी: सना खान हत्याकांड : 6 महीने बाद बरामद हुआ मोबाइल और लैपटॉप

सना खान हत्याकांड : 6 महीने बाद बरामद हुआ मोबाइल और लैपटॉप
मुख्य आरोपी पप्पू साहू की मां के जबलपुर स्थित घर से पुलिस ने जब्त किया

डिजिटल डेस्क, नागपुर। भाजपा के अल्पसंख्यक आघाड़ी की पदाधिकारी सना खान हत्याकांड में नया मोड़ आ गया है। नागपुर पुलिस ने सना खान की हत्या के 6 महीने बाद उसका मोबाइल और लैपटॉप बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि यह दोनों चीजें सना खान की ही हैं, लेकिन उनका उपयोग कौन कर रहा था, सना खुद कर रही थी या फिर कोई और करता था, इसके लिए साइबर पुलिस की मदद ली जा रही है। दोनों चीजें इस हत्याकांड के मुख्य अारोपी अमित उर्फ पप्पू साहू के पुराने घर जबलपुर से मिली हैं। यहां पप्पू की मां रहती है। आरोपी अमित साहू फिलहाल नागपुर पुलिस की रिमांड पर है।

पुलिस ने कोर्ट से अमित साहू की लाय डिटेक्टर : पॉलीग्राफिक टेस्ट कराने के लिए अनुमति मांगी है। एक बार फिर से सना खान हत्याकांड में नया मोड़ आने से सना प्रेमी कुछ भाजपाई नेताओं में खलबली मच गई है। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन व पुलिस उपायुक्त राहुल मदने के नेतृत्व में विशेष जांच दस्ता प्रकरण की जांच कर रहा है।

विशेष जांच दस्ते की मेहनत रंग लाई : नागपुर पुलिस के विशेष दस्ते की मेहनत आखिरकार रंग लाई। सना खान हत्याकांड में अब तक 5 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इसमें दो मामले दर्ज हुए थे। मानकापुर थाने में दर्ज प्रकरण में अमित साहू को पुलिस के विशेष जांच दस्ते ने नागपुर सेंट्रल जेल से गत 30 दिसंबर को प्रॉडक्शन वारंट पर लेकर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने साहू को 2 जनवरी तक पुलिस रिमांड पर भेजने का आदेश दिया। उसका पीसीआर समाप्त होने पर न्यायालय में दोबारा पेश करने पर उसे 5 जनवरी तक पुलिस रिमांड में भेजने का आदेश दिया है। गौरतलब है कि करीब 6 माह पहले सना खान नागपुर से जबलपुर जाने के बाद अचानक गायब हो गई। इसके बाद उसकी हत्या किए जाने की बात सामने आई। उस समय सना खान का न तो शव मिला था और न ही मोबाइल फोन पुलिस के हाथ लगा था। गत कुछ दिनों से नागपुर पुलिस का विशेष जांच दस्ता इस प्रकरण में अमित साहू को दोबारा जेल से प्रॉडक्शन वारंट पर गिरफ्त में लिया, तो सना का मोबाइल और लैपटाप आरोपी की मां के घर से बरामद किया गया है।

क्या है पूरा मामला : यह मामला नागपुर भाजपा की महिला पदाधिकारी सना खान से जुड़ा है, जिसकी मध्य प्रदेश के जबलपुर में अमित उर्फ पप्पू साहू के साथ एक ढाबे में पार्टनरशिप थी। इसी सिलसिले में 1 अगस्त को सना खान उससे मिलने के लिए जबलपुर गई थी और तबसे लापता थी। सना खान की गुमशुदगी की रिपोर्ट नागपुर के मानकापुर पुलिस थाने में दर्ज की गई थी, जिसके बाद नागपुर पुलिस ने सना की खोज शुरू की। इसमें पता चला कि सना के पार्टनर अमित साहू ने ही हत्या की है, जिसके बाद नागपुर पुलिस ने अमित को जबलपुर से ही गिरफ्तार कर लिया। अमित ने भी हत्या की बात कबूली है। इसके साथ उसके 5 साथियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया था लेकिन अभी तक इस मामले में सना खान का शव नहीं मिला है। अमित हर बार पुलिस को गुमराह करता रहा है। अब सच सामने लाने के लिए उसका लाई डिटेक्टर टेस्ट या पॉलिग्राफ जांच कराने की तैयारी नागपुर पुलिस कर रही है। इसके लिए न्यायालय से अनुमति मांगी गई है।

विधायक का नाम आया था चर्चा में : सना खान का मोबाइल और लैपटॉप जब्त होने की खबर से ही कुछ भाजपाइयों में खलबली मच गई है। कुछ भाजपाई पुलिस के रडार पर आ सकते हैं। कुछ की वीडियो रिकॉर्डिंग भी होने की चर्चा है। अमित ने सना खान का मोबाइल अपने कब्जे में लिया था। इसके बाद से ही वह अवैध वसूली में लिप्त हो गया था। इस प्रकरण में मध्य प्रदेश के एक विधायक का नाम चर्चा में आया था। इसमें पुरुषों के अलावा एक महिला नेता के कुछ राज होने की खबर है।

Created On :   4 Jan 2024 5:28 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story