राज्यपाल का आदेश: नागपुर यूनिवर्सिटी में चयन प्रक्रिया पर मापदंड बदला, अधिष्ठाता निलंबित

नागपुर यूनिवर्सिटी में चयन प्रक्रिया पर मापदंड बदला, अधिष्ठाता निलंबित
  • इंटरडिसिप्लिनरी स्टडीज के अधिष्ठाता चयन का मामला
  • विद्या परिषद में लिया गया प्रस्ताव भी राज्यपाल ने किया रद्द
  • 1 महीने के भीतर निलंबित करने के दिए आदेश

डिजिटल डेस्क, नागपुर। राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय के इंटरडिसिप्लिनरी स्टडीज विभाग के अधिष्ठाता के चयन पर मापदंड को बदलने के लिए 4 मार्च 2022 को विद्या परिषद में एक प्रस्ताव लिया गया था। राज्यपाल ने दिसंबर 2023 को यह प्रस्ताव रद्द कर दिया। इसके बाद अब राज्यपाल कार्यालय ने विश्वविद्यालय को पत्र भेजकर एक महीने के भीतर अधिष्ठाता डॉ. प्रशांत कडू को निलंबित करने का आदेश दिया था। राज्यपाल के आदेश के बाद विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. राजू हिवसे ने अधिष्ठाता डॉ. कडू को निलंबित किए जाने की सूचना जारी की।

नियुक्ति की राज्यपाल से शिकायत : इंटरडिसिप्लिनरी स्टडीज के अधिष्ठाता के चयन के लिए विद्या परिषद में 66 क्रमांक का प्रस्ताव पेश किया गया। इस प्रस्ताव में यह उल्लेख किया गया था कि इंटरडिसिप्लिनरी स्टडीज के अधिष्ठाता का चयन करते समय किसी भी विषय से व्यक्ति का चयन किया जाएगा। विद्या परिषद में इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। इसके बाद विद्यापीठ ने 13 जून 2022 को यह विज्ञापन जारी किया। इंटरव्यू के बाद इंटरडिसिप्लिनरी स्टडीज के अधिष्ठाता पद पर डॉ. प्रशांत कडू की नियुक्ति की गई। डॉ. कडू की नियुक्ति के विराेध में डॉ. शालिनी साखरकर ने राज्यपाल से शिकायत की थी। 29 मई 2022 को राज्यपाल ने नियुक्ति रद्द कर दी। इस पर डॉ. कडू ने हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी। कोर्ट ने इस मामले में दो महीने में सुनवाई कर इस पर फैसला लेने का आदेश दिया था। इसके चलते 8 दिसंबर को राज्यपाल ने इस संबंध में पत्र जारी कर नागपुर विद्यापीठ के विद्या परिषद में लिये गये प्रस्ताव को रद्द कर दिया।

अब अधिकृत पत्र जारी : विद्यापीठ ने इस संबंध में अधिकृत पत्र जारी किया है। इसके बाद राज्यपाल ने इंटरडिसिप्लिनरी स्टडीज के अधिष्ठाता के लिए जारी विज्ञापन रद्द किया। साथ ही 12 और 15 जनवरी 2024 को राज्यपाल कार्यालय ने विश्वविद्यालय को पत्र भेजकर एक महीने के भीतर अधिष्ठाता डॉ. प्रशांत कडू का निलंबन करने का आदेश दिया था। इस कारण कुलसचिव डॉ. राजू हिवसे ने अधिष्ठाता डॉ. कडू को निलंबित करने की सूचना जारी की।


Created On :   23 Jan 2024 9:04 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story