नागपुर: कांग्रेस की बैठक में पहुंचे पारवे-ठाकरे सहित सभी विधायक, जीत का मार्ग प्रशस्त

कांग्रेस की बैठक में पहुंचे पारवे-ठाकरे सहित सभी विधायक, जीत का मार्ग प्रशस्त
  • राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार की होगी जीत
  • कांग्रेस की बैठक में सभी विधायक पहुंचे
  • चंद्रकांत हंडोरे काे उम्मीदवार बनाया

डिजिटल डेस्क, नागपुर। प्रदेश कांग्रेस के लिए राहत की खबर है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने पार्टी छोड़ने के बाद संकट के आसार फिलहाल टल गए हैं। गुरुवार को मुंबई में हुई पार्टी की बैठक में सभी विधायक पहुंचे। उमरेड के विधायक राजू पारवे व पश्चिम नागपुर के विधायक विकास ठाकरे सहित अन्य उन विधायकों ने भी बैठक में हाजिरी लगाई जिन्हें चर्चा में चव्हाण समर्थक कहा जाता रहा है। अब यह भी दावा किया जा रहा है कि राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार की जीत के लिए मार्ग प्रशस्त हो गया है।

17 विधायक पार्टी बदल सकते हैं

उल्लेखनीय है कि चव्हाण के भाजपा में प्रवेश के बाद से चर्चा सुनी जा रही है कि कांग्रेस के 17 विधायक पार्टी बदल सकते हैं। इनमें विदर्भ व नागपुर जिले से भी विधायकों के नाम लिए जाते रहे हैं। हालांकि चव्हाण के कांग्रेस से इस्तीफे के बाद ही नागपुर व विदर्भ के कांग्रेस विधायकों ने साफ कह दिया था कि फिलहाल वे कांग्रेस में बने हुए हैं। फिर भी उमरेड के विधायक राजू पारवे, पश्चिम नागपुर के विधायक विकास ठाकरे, चंद्रपुर जिले के विधायक सुभाष धोटे, रिसोड के विधायक अमित झनक के नाम की चर्चा थी।

कयासों का दौर शुरू हो गया था

बुधवार को कांग्रेस ने मुंबई में बैठक के लिए विधायकों को सूचना दी थी। लेकिन विधायक पारवे ने बुधवार को मुंबई जाने में अस्मर्थता जताई थी। ऐसे में कयासों का दौर शुरू हो गया था। हालांकि कांग्रेस की बुधवार की बैठक स्थगित हो गई। गुरुवार को बैठक में विदर्भ से सभी कांग्रेस विधायक शामिल हुए।

चंद्रकांत हंडोरे काे उम्मीदवार बनाया

कांग्रेस सूत्र के अनुसार विधायक अमित देशमुख बैठक में शामिल नहीं थे। वे पूर्व मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख के पुतले के अनावरण कार्यक्रम में थे। उन्होंने कार्यक्रम की सूचना प्रदेश अध्यक्ष को दी थी। अमित के भाई धीरज देशमुख ने बैठक में हाजिरी लगाई। कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव के लिए पूर्व मंत्री चंद्रकांत हंडोरे काे उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस के पास 43 विधायकों का संख्याबल है। जीत के लिए मतों का कोटा 40 है। राकांपा शरद पवार गुट के 12 विधायक भी कांग्रेस उम्मीदवार को समर्थन देंगे। कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष नाना गावंडे ने कहा है कि कांग्रेस उम्मीदवार की जीत के लिए कोई अड़चन नहीं है।

Created On :   16 Feb 2024 12:41 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story