- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- कलमना पुलिस ने दो आरोपियों को...
शिकंजा: कलमना पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा, सेंधमारी और दो वाहन चोरी के मामले सुलझे, 2.39 लाख रुपए का माल बरामद

Nagpur News. कलमना थानांतर्गत सेंधमारी और वाहन चोरी के दो मामलों का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण और दो दोपहिया वाहन समेत कुल 2 लाख 39 हजार रुपए का माल बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सागर उर्फ भांजा अशोक वर्मा (23) और विकास उर्फ अंगद लक्ष्मण वर्मा (22) के रूप में हुई है।
बीमार रिश्तेदार को देखने गई थी महिला
पुलिस सूत्रों के अनुसार शिकायतकर्ता रेखा अनिल कहार (35), निवासी विजयनगर, रानी दुर्गावती सोसायटी, अपने बीमार रिश्तेदार को देखने देवला पार गई थीं। 11 जून को घर से बाहर रहने के बाद अगले दिन लौटने पर उन्हें अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब मिली। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
यह भी पढ़े -अधूरे रास्ते का निर्माण पूरा कराने नगरसेवक का अनशन, कनेक्टिविटी प्रभावित होने से नागरिक हैं परेशान
गार्डन के बाहर खड़ी बाइक पर चोर की नजर
वाहन चोरी के पहले मामले में मिनीमातानगर निवासी तुषार विनोद धमगाये (19) ने शिकायत दर्ज कराई थी। उसने 13 जुलाई को शाम करीब 5 बजे अपनी पैशन प्रो बाइक (एमएच-49-बीई-2743) लता मंगेशकर गार्डन के बाहर खड़ी की थी। कुछ देर बाद लौटने पर बाइक गायब मिली। वाहन की कीमत करीब 50 हजार रुपए बताई गई है।
दूसरे मामले में कामठा नगर, कलमना निवासी सैयद इमरान ताहिर अली (38) ने शिकायत दर्ज कराई। उसने 15 जुलाई को दोपहर करीब 3 बजे अपनी एक्टिवा (एमएच-49-एम-7289) घर के बाहर लॉक कर खड़ी की थी। कुछ समय बाद वाहन गायब मिला। इसकी कीमत करीब 25 हजार रुपए बताई गई। इस मामले में धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
60 से 75 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली
तीनों मामलों में आरोपियों की तलाश के लिए कलमना पुलिस ने थाना क्षेत्र के 60 से 75 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर संदिग्धों की गतिविधियों पर भी नजर रखी गई। जांच के दौरान पुलिस ने जाल बिछाकर दोनों आरोपियों को 6 सितंबर को कलमना थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
सेंधमारी के मामले में फुटाला, बिरसा मुंडा चौक, अंबाझरी निवासी सागर उर्फ भांजा अशोक वर्मा के कब्जे से करीब 1.64 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए। इनमें करीब 5 ग्राम के सोने के गहने, सोने के टॉप्स, मनी और 16 सोने के गेहूं मनी के साथ करीब 200 ग्राम की चांदी की पायल व अन्य आभूषण शामिल हैं।
यह भी पढ़े -2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य में युवा निभाएंगे निर्णायक भूमिका, संस्कार और मूल्यों की दिशा देना जरूरी - शेलार
वहीं, वाहन चोरी के मामले में विजय नगर, दुर्गा चौक, कलमना निवासी विकास उर्फ अंगद लक्ष्मण वर्मा के पास से दोनों चोरी की दोपहिया गाड़ियां बरामद की गईं। इनकी कुल कीमत करीब 75 हजार रुपए है। इस तरह दोनों आरोपियों से तीनों मामलों से संबंधित कुल 2 लाख 39 हजार रुपए का माल जब्त किया गया।
कलमना के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रवीण काले के नेतृत्व में द्वितीय पुलिस निरीक्षक (अपराध) करीम पठान, जांच दल प्रमुख सहायक पुलिस निरीक्षक अजय जाधव तथा पुलिसकर्मी रविकुमार शाहू, प्रदीप पवार, मंगेश लोह़ी, संतोष पांडे, अनिल जाधव और प्रफुल गोहोकार ने कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
Created On :   7 Sept 2026 6:49 PM IST











