वैकल्पिक व्यवस्था: सरकारी डेटा की सुरक्षा का बनेगा मजबूत कवच, मंत्री आशीष शेलार ने कहा - रिकवरी डेटा सेंटर जल्द होगा तैयार

सरकारी डेटा की सुरक्षा का बनेगा मजबूत कवच, मंत्री आशीष शेलार ने कहा - रिकवरी डेटा सेंटर जल्द होगा तैयार
  • मंत्री आशीष शेलार ने गड्डीगोदाम में निर्माणाधीन सेंटर का किया निरीक्षण
  • तय समय में काम पूरा करने और विभागों के बीच बेहतर तालमेल के निर्देश
  • सर्वर रूम, कंट्रोल रूम, कूलिंग सिस्टम और सुरक्षा व्यवस्था की ली जानकारी

Nagpur News. राज्य के विभिन्न सरकारी विभागों के महत्वपूर्ण डेटा को सुरक्षित रखने के लिए नागपुर में तैयार हो रहा डिजास्टर रिकवरी डेटा सेंटर अहम भूमिका निभाएगा। राज्य के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री एड. आशीष शेलार ने कहा कि सेंटर के पूरी तरह कार्यरत होने के बाद सरकारी कामकाज को अधिक सुरक्षित, विश्वसनीय और कार्यक्षम बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने परियोजना का काम तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

मंत्री शेलार ने गड्डीगोदाम मेट्रो स्टेशन पर करीब 14 हजार वर्गफीट क्षेत्र में बन रहे स्टेट-ऑफ-द-आर्ट डिजास्टर रिकवरी डेटा सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से परियोजना के नियोजन और अब तक हुए काम की जानकारी ली।

इस दौरान इलेक्ट्रॉनिक्स, सूचना प्रौद्योगिकी एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस विभाग के नोडल अधिकारी लक्ष्मीकांत त्रिपाठी, महाराष्ट्र मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के कार्यकारी निदेशक संदीप बापट और महामेट्रो के महाप्रबंधक सुधाकर उराडे उपस्थित थे।

आपात स्थिति के लिए वैकल्पिक व्यवस्था पर जोर

शेलार ने कहा कि आपात स्थिति में डेटा सेंटर की कार्यक्षमता और सुरक्षा प्रभावित न हो, इसके लिए पहले से विशेष नियोजन जरूरी है। उन्होंने सर्वर रूम, कंट्रोल रूम, इमरजेंसी यूनिट और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। सर्वर को निर्धारित तापमान पर रखने के लिए जरूरी कूलिंग सिस्टम, पानी की उपलब्धता और वैकल्पिक व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को सजग रहने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि परियोजना से जुड़े लंबित कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। साथ ही काम की रफ्तार की लगातार निगरानी कर तय समय-सीमा में परियोजना को पूरा किया जाना चाहिए।

Created On :   6 Sept 2026 8:17 PM IST

Tags

Next Story