बेरहमी से हमला: वर्चस्व-वसूली की रंजिश में चाकुओं से गोदकर हत्या, मुंबई भागने की तैयारी में थे आरोपी, पांच गिरफ्तार, हिरासत में नाबालिग

वर्चस्व-वसूली की रंजिश में चाकुओं से गोदकर हत्या, मुंबई भागने की तैयारी में थे आरोपी, पांच गिरफ्तार, हिरासत में नाबालिग
  • गैंगवार की आशंका के चलते इलाके में पुलिस का बंदोबस्त बढ़ाया
  • सतपुड़ा लॉन के पास देर रात वारदात, शरीर पर मिले 23 घाव
  • मुंबई भागने की तैयारी में थे आरोपी, पांच गिरफ्तार

Nagpur News. सीताबर्डी थाना क्षेत्र में वर्चस्व और कथित रंगदारी को लेकर चल रही पुरानी रंजिश ने देर रात खूनी रूप ले लिया। सतपुड़ा लॉन के पास गली में आकाश नेवारे की चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी गई। हमले में उसके शरीर पर करीब 23 घाव मिले हैं। वारदात के बाद फरार हुए आरोपियों के मुंबई भागने की तैयारी में होने की सूचना पुलिस को मिली। इसके बाद सीताबर्डी पुलिस, क्राइम ब्रांच यूनिट-2 और अंबाझरी पुलिस की टीमों ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार और एक नाबालिग को हिरासत में लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रंजीत उर्फ रंजू गोपाल माहातो, सचिन उर्फ छोटा डुबंक राजेश शेलारे, अंकुश उर्फ मिट्टू अरुण मरसकोल्हे, पीयूष बघेल और विशाल चचाने के रूप में हुई है।

बार से निकलने के बाद फिर भड़का विवाद

मृतक आकाश गोंडटोली, तेलंगखेड़ी-अंबाझरी का निवासी था। प्रारंभिक जांच के अनुसार, वह कुछ साथियों के साथ धरमपेठ स्थित किंग किचन बार में शराब पीने गया था। वहां से शराब की बोतल लेकर निकलने के बाद साथियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। बताया जा रहा है कि आकाश और आरोपियों के बीच पहले से ही वर्चस्व को लेकर तनातनी चल रही थी।

इसी पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने आकाश को सतपुड़ा लॉन के पास गली में दोबारा शराब पीने के लिए बुलाया। वहां पहुंचने के बाद विवाद फिर बढ़ गया। इसी दौरान आरोपियों ने चाकू निकालकर आकाश पर हमला कर दिया। ताबड़तोड़ हमले में गंभीर रूप से घायल आकाश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मुंबई भागने से पहले पुलिस ने दबोचा

हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों की तलाश में जुट गईं। सीताबर्डी पुलिस, क्राइम ब्रांच यूनिट-2 और अंबाझरी पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू किया। इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी वारदात के बाद मुंबई भागने की फिराक में हैं।

इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विशाल चचाने, पीयूष बघेल, रंजीत माहातो, अंकुश मरसकोल्हे और सचिन शेलारे को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया। क्राइम ब्रांच यूनिट-2 की पुलिस निरीक्षक शुभांगी देशमुख के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।

जेल से बाहर आते ही फिर अपराध का आरोप

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि विशाल, पीयूष और सचिन करीब 10 दिन पहले ही हत्या के एक मामले में जेल से बाहर आए थे। दूसरी ओर, मृतक आकाश के खिलाफ भी हत्या और जबरी चोरी जैसे गंभीर अपराध दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। कुछ आरोपियों के खिलाफ भी हत्या और लूट जैसे गंभीर अपराध दर्ज बताए जा रहे हैं।

प्रारंभिक जांच में कथित रंगदारी की मांग को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह क्या थी और वारदात से पहले मृतक तथा आरोपियों के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ, इसका स्पष्ट खुलासा पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही होगा। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। वर्चस्व की इस वारदात के बाद इलाके में किसी तरह की अप्रिय स्थिति न हो, इसे देखते हुए पुलिस बंदोबस्त बढ़ा दिया गया है।

Created On :   7 Sept 2026 7:10 PM IST

Tags

Next Story