- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- मनपा की वेबसाइट पर 24 घंटे में ही...
बड़ा साइबर अटैक: मनपा की वेबसाइट पर 24 घंटे में ही 2008 बार हमला, जरूरी जानकारी निकालने का प्रयास

- नई तकनीक से सुरक्षा प्रक्रिया शुरू
- अहम दस्तावेजों पर नजर
- सिंगापुर रहा केन्द्र
Nagpur News. देश भर में साइबर हमले और ठगी के मामलों में बढ़ोतरी हो रही है। महानगरपालिका प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट भी सुरक्षित नहीं रही। गत 28 अक्टूबर को 24 घंटे के भीतर 2 हजार से अधिक बार साइबर हमला कर हैकिंग का प्रयास किया गया। हालांकि समय रहते फायर वॉल सुरक्षा घेरे से अटैक को रोकने के साथ ही अलर्ट संदेश जारी कर दिया गया। इसके बाद सूचना और प्रौद्योगिकी विभाग की टीम ने तत्काल सभी डाटा सुरक्षित रूप में बैकअप कर अटैक से बचा लिया है। मनपा के अधिकारियों के मुताबिक अब आधिकारिक वेबसाइट समेत अन्य डाटा को अत्याधुनिक एमडीआर तकनीक से सुरक्षित करने का प्रयास शुरू है। इस सुरक्षा घेरे से मनपा के किसी भी रिकार्ड पर साइबर अटैक का असर नहीं होगा।
अहम दस्तावेजों पर नजर
28 अक्टूबर को मनपा के एक्सजीएस138 फायर वॉल सिस्टम में 2008 मर्तबा साइबर अटैक का अलर्ट भेजा गया। इन सभी अटैक में महत्वपूर्ण डाटा और जानकारी को कब्जे में लेने का प्रयास किया गया। मनपा की वेबसाइट की आंतरिक सुरक्षा और साइबर अटैक रोकथाम प्रणाली ने सभी अटैक को विफल कर दिया। इन सभी प्रयासों में मुख्य सर्वर को हैंकिग कर कब्जे में लेने का प्रयास किया गया। इस डेटा सर्वर में संपत्ति रिकॉर्ड, कर विभाग के दस्तावेज, मनपा के अधिकारियों और कर्मचारियों की जानकारी समेत अन्य दस्तावेज मौजूद थे। इस अटैक के माध्यम से वेबसाइट को कब्जे में लेकर जनोपयोगी ऑनलाइन सेवाओं को रोकने का प्रयास किया गया। साइबर अटैक के सफल होने पर ऑनलाइन शिकायत प्रणाली, विविध विभागों की अनुमति और स्वच्छता समेत जलापूर्ति के डैशबोर्ड को प्रभावित करने से असुविधा हो सकती थी।
सिंगापुर रहा केन्द्र
मनपा के आंतरिक सुरक्षा लॉग (इंटरनल फायर वाॅल) में दो विदेशी आईपी एड्रेस मिले हैं। इन आईपी एड्रेस में 104.248.99.110 और 167.99.28.249 को डार्कवेब के रूप में पहचाना गया है। डार्कवेब के माध्यम से लगातार साइबर अटैक कर जानकारी और डाटा को कब्जे में लेने का प्रयास किया गया। यह सभी प्रयास सिंगापुर के सर्वर से जुड़े नेटवर्क से किए गए हैं। हालाँकि साइबर अटैक को मनपा के फायर वॉल सेफ्टी से राेककर अलर्ट संदेश जारी कर दिया गया। जिसके चलते तत्काल वेबसाइट के सभी डाटा को सुरक्षित रूप में बैकअॅप लेकर अटैक से बचा लिया गया है।
नई तकनीक से सुरक्षा प्रक्रिया शुरू
मनपा प्रशासन के एक आला अधिकारी ने बताया कि 28 अक्टूबर को देश भर में एक साथ अनेक साइबर अटैक के अलर्ट मिले हैं। इसमें से महानगरपालिका की वेबसाइट पर भी हैकिंग से डाटा चुराने का प्रयास किया गया, लेकिन समय रहते अलर्ट मिलने पर तत्काल कार्रवाई कर सभी डाटा सुरक्षित कर लिया गया है। इसके साथ ही अब एडीआर (मेटा डाटा रिस्क्यू) तकनीक को क्रियान्वित किया जा रहा है। इस तकनीक में सभी डाटा कई चरण में सुरक्षित रहेगा।
Created On :   9 Nov 2025 6:13 PM IST












