Nagpur News: हाईकोर्ट जज की निगरानी में हो विमान दुर्घटना की जांच

हाईकोर्ट जज की निगरानी में हो विमान दुर्घटना की जांच
देशमुख की मांग, पवार की मौत का मामला

Nagpur News राकांपा (शरदचंद्र) नेता पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख ने कहा कि विमान दुर्घटना में हुई अजित पवार की मृत्यु को लेकर हमारे अलावा अजित पवार की पार्टी के नेताआें व विधायकों को भी संदेह है। लोग यह जानना चाहते है कि यह दुर्घटना है या साजिश। डीजीसीए के अलावा हाईकोर्ट जज की निगरानी में विमान दुर्घटना की जांच होनी चाहिए। तभी सच बाहर आएगा।

कोहरा होता तो वीडियो सामने आता क्या? : मुंबई से बारामती आते समय अजित पवार का विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ। कहा जा रहा है कि उस समय बारामती एयरपोर्ट पर कोहरे की वजह से पायलट रनवे नहीं देख पाया था। देशमुख ने कहा, "पहले कहा गया था कि बारामती एयरपोर्ट पर कोहरे की वजह से एक्सिडेंट हुआ। लेकिन प्लेन हवा में रहते हुए तिरछा हो गया और यह एक्सिडेंट हुआ, इसका एक वीडियो सामने आया है। ऐसा लगता है कि यह वीडियो बहुत दूर से लिया गया है। अगर कोहरा होता, तो क्या यह वीडियो लेना मुमकिन होता?’

गडकरी प्राइवेट प्लेन में सफर न करें : अनिल देशमुख ने कहा कि अजित पवार का एक्सिडेंट संदिग्ध है। उन्होंने कहा कि अगर केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी कभी मुझसे एयरपोर्ट पर मिलते हैं, तो मैं उनसे कहूंगा कि छोटे और प्राइवेट प्लेन में सफर न करें।

तेरहवीं के बाद दोनों राष्ट्रवादी के विलय पर बोलूंगा : पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख ने कहा कि अभी दु:ख का समय चल रहा है। दोनों राष्ट्रवादी पार्टी के विलय को लेकर 14 बैठकें हो चुकी हैं। बैठक कब हुई, कौन सी तारीख को हुई, बैठक में कौन-कौन थे आैर विलय को लेकर क्या तय हुआ, इसकी जानकारी दुखवटा खत्म (तेरहवीं) होने के बाद विस्तार से दी जाएगी।


Created On :   4 Feb 2026 1:05 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story