Nagpur News: जीडीसीएच में राष्ट्रीय विज्ञान, राष्ट्रीय ओरल पैथोलॉजी और गौरव दिवस के अलग-अलग आयोजन उत्साहपूर्वक सम्पन्न

जीडीसीएच में राष्ट्रीय विज्ञान, राष्ट्रीय ओरल पैथोलॉजी और गौरव दिवस के अलग-अलग आयोजन उत्साहपूर्वक सम्पन्न
  • 25 फरवरी को जीडीसीएच नागपुर में राष्ट्रीय ओरल पैथोलॉजी दिवस मनाया गया
  • मराठी भाषा गौरव दिवस शासकीय दंत महाविद्यालय में उत्साहपूर्वक मनाया गया
  • शासकीय दंत महाविद्यालय में ‘राष्ट्रीय विज्ञान दिवस’ उत्साहपूर्वक मनाया गया

Nagpur News. शनिवार को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के उपलक्ष्य में शासकीय दंत महाविद्यालय में स्नातकोत्तर विद्यार्थी मंच द्वारा विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अधिष्ठाता डॉ. मंगेश फडणाइक के मार्गदर्शन में लिंक नेक्स्ट प्रभारी अधिकारी डॉ. वैभव कारेमोरे ने रिसर्च प्रेजेंटेशन एवं ई-पोस्टर प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक आयोजन किया। कार्यक्रम में प्रमुख अतिथि के रूप में वरिष्ठ प्रोस्थोडॉन्टिस्ट डॉ. सुलेखा गोसावी, ऑर्थोडॉन्टिस्ट डॉ. हिमिजा कारिया तथा एंडोडॉन्टिस्ट डॉ. अश्विनी पाटील उपस्थित रहीं और उन्होंने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं अनुसंधान के महत्व पर मार्गदर्शन प्रदान किया।

वैज्ञानिक सत्र में स्नातकोत्तर विद्यार्थियों ने निम्नलिखित विषयों पर शोधपत्र प्रस्तुत किए—

  • स्माइल अंडर अटैक
  • फिक्स्ड फंक्शनल अप्लायंसेस
  • फुली डिजिटल पाथवे फॉर फुल माउथ रिहैब

इस अवसर पर उप-अधिष्ठाता डॉ. मंजुषा वऱ्हाडपांडे एवं रिसर्च एंड डेवलपमेंट सेल के प्रमुख डॉ. रितेश कळसकर के करकमलों से ‘शोधसंपदा’ नामक शोधग्रंथ का विमोचन किया गया। इस शोधग्रंथ में संस्थान के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की शैक्षणिक उपलब्धियों का संकलन किया गया है।

ई-पोस्टर प्रतियोगिता के परीक्षक के रूप में डॉ. सचिन खत्री एवं डॉ. रोशनी दुपारे ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। डॉ. नवीनकुमार, डॉ. वर्षा धमाडे तथा डॉ. पलक श्रॉफ को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. नवीन एवं डॉ. ऋतुजा ने किया।


राष्ट्रीय ओरल पैथोलॉजी दिवस मनाया गया

हर साल देश के अग्रणी ओरल पैथोलॉजिस्ट स्वर्गीय डॉ. एच. एम. ढोलकिया की स्मृति में राष्ट्रीय ओरल पैथोलॉजी दिवस मनाया जाता है। इसी उपलक्ष्य में जीडीसीएच (गवर्नमेंट डेंटल कॉलेज एंड हॉस्पिटल) ओरल पैथोलॉजी विभाग द्वारा 22 फरवरी से 25 फरवरी 2026 तक विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों की रूपरेखा इस प्रकार रही

1. ओरल कैंसर जागरूकता साइकिल रैली (22 फरवरी)

टाइगर सिटी साइक्लिंग एसोसिएशन, नागपुर के सहयोग से 22 फरवरी को ओरल कैंसर जागरूकता साइकिल रैली आयोजित की गई। विभाग के स्टाफ ने 10 किलोमीटर तथा कुछ इंटर्न व स्नातकोत्तर विद्यार्थियों ने 110 किलोमीटर की साइकिल यात्रा पूरी की। रैली को खामला चौक से रामटेक तक हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस रैली के माध्यम से “तंबाकू सबसे बड़ा आतंकवादी है” का संदेश दिया गया।

2. भाषण प्रतियोगिता (23 फरवरी)

युवाओं में जागरूकता लाने के उद्देश्य से 23 फरवरी को भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का विषय था — “तंबाखू भस्मासुर”।

3. रंगोली प्रतियोगिता (24 फरवरी)

24 फरवरी को जीडीसीएच परिसर में ओरल कैंसर रोकथाम विषय पर रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने कैंसर जागरूकता पर आधारित 10 सुंदर रंगोलियां बनाईं।

4. किशोर परामर्श शिविर

युवा बच्चों में बुरी आदतों की रोकथाम हेतु ग्राम पंचायत सौली, सुराबर्डी में निरामय आरोग्य संस्थान के सहयोग से किशोर परामर्श शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विद्यार्थियों की आदतों की जांच कर उन्हें परामर्श दिया गया। साथ ही प्राथमिक विद्यालय के शिक्षकों के लिए विशेष उन्मुखीकरण सत्र आयोजित किया गया, ताकि वे बच्चों में तंबाकू सेवन जैसी आदतों को रोकने में सहयोग कर सकें।

5. संगोष्ठी (25 फरवरी)

25 फरवरी को कैंसर रोकथाम रणनीतियों पर एक संगोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें शहर के वरिष्ठ चिकित्सक एवं इंडियन कैंसर सोसायटी के सचिव डॉ. मनमोहन राठी मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। इस कार्यक्रम में वरिष्ठ ओरल पैथोलॉजिस्ट डॉ. मीनल चौधरी विशिष्ट अतिथि रहीं।

आयोजित किए गए कई

सभी कार्यक्रम जीडीसीएच नागपुर के डीन डॉ. मंगेश फडणाइक के मार्गदर्शन में आयोजित किए गए। आयोजन की योजना एवं क्रियान्वयन ओरल पैथोलॉजी एवं माइक्रोबायोलॉजी विभाग के समस्त स्टाफ एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों द्वारा किया गया।


मराठी भाषा गौरव दिवस शासकीय दंत महाविद्यालय में उत्साहपूर्वक मनाया गया

इससे पहले शासकीय दंत महाविद्यालय एवं अस्पताल, नागपुर में 27 फरवरी को मराठी भाषा गौरव दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्रसिद्ध कवयित्री एवं एकपात्री कलाकार स्वाती सुरंगलीकर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। मंच पर उनके साथ महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. मंगेश फडणाइक, डॉ. मंजुषा वऱ्हाडपांडे, उप-अधिष्ठाता डॉ. रितेश कळसकर तथा मराठी भाषा अधिकारी डॉ. वैभव कारेमोरे उपस्थित थे। अधिष्ठाता डॉ. मंगेश फडणाइक ने अपने प्रस्ताविक भाषण में मराठी भाषा गौरव दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मातृभाषा के संरक्षण और संवर्धन की आवश्यकता पर जोर दिया। डॉ. वैभव कारेमोरे ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की तथा अपनी स्वयं रचित कविता ‘माझी माय मराठी’ का प्रभावशाली पाठ कर उपस्थित श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। इस अवसर पर श्रीमती स्वाती सुरंगलीकर द्वारा विशेष एकपात्री काव्य कार्यक्रम ‘दिलखुलास’ प्रस्तुत किया गया। उन्होंने अपनी कविताओं के माध्यम से जीवन के विविध रंगों को अभिव्यक्त करते हुए श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन किया। महाराष्ट्र शासन द्वारा प्रेरित मराठी भाषा पंधरवाड़ा के अंतर्गत निबंध एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। दोनों प्रतियोगिताओं को विद्यार्थियों का उत्साहपूर्ण प्रतिसाद मिला। विजेताओं को मान्यवरों के हाथों पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. विजया धोटे ने किया, जबकि डॉ. वैभव कारेमोरे ने आभार प्रदर्शन कर कार्यक्रम का समापन किया।



Created On :   28 Feb 2026 6:51 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story