नागपुर: प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर 362 बस्तियों में 6 हजार स्थानों पर होगा कार्यक्रम

प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर 362 बस्तियों में 6 हजार स्थानों पर होगा कार्यक्रम
  • समाज के सभी वर्ग का मिल रहा है सहयोग - शेंडे
  • स्वतंत्रता संघर्ष समान सहयोग
  • 40 स्थानों पर ढोल ताशों की गूंज

डिजिटल डेस्क, नागपुर। अयोध्या के मंदिर में भगवान राम की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर देश में विविध स्थानों पर भक्तिमय कार्यक्रम होगा। शहर में 362 बस्तियों में 6 हजार स्थानों पर भजन,आराधना सहित विविध कार्यक्रम होंगे। विश्व हिंदू परिषद के क्षेत्र मंत्री गोविंद शेंडे ने शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में जानकारी दी। उन्होंने कहा-सैकड़ों वर्ष की प्रतिक्षा के बाद सभी के आराध्य भगवान श्रीराम मंडप से बाहर अपनी जन्मभूमि अयोध्या के विशाल मंदिर में निवास करेंगे। 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर देश वासियो काे अक्षत अर्थात आमंत्रण दिया गया है। सबमें राम, सबके राम के भाव के साथ देश उत्सव मनाएगा।

स्वतंत्रता संघर्ष समान सहयोग

शेंडे ने कहा-स्वतंत्रता के लिए संघर्ष में देशवासियों ने जिस तरह एकत्र होकर सहयोग दिया था उसी तरह का सहयोग इस उत्सव के लिए मिल रहा है। प्राण प्रतिष्ठा के लिए सभी समाज के प्रत्येक व्यक्ति जुड़ रहे है। अनेक स्थानों पर बौद्ध भिक्षुओं ने आमंत्रण वितरण में सहयोग दिया है। विदर्भ में लगभग 20 से 25 लाख लोगों तक पहुंचने का नियोजन किया गया था लेकिन 40 लाख परिवारों तक पहुंचे हैं। महाराष्ट्र-गोवा में एक करोड 10 लाख से अधिक लोगों को आमंत्रण दिया गया है।

विदर्भ में 30 हजार स्थानों पर व राज्य में 1 लाख से अधिक स्थानों पर कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारी गौरव जाजू ने बताया कि शहर में प्रत्येक बस्ती में करीब 10 हजार लोगों तक प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का आमंत्रण भिजवाया गया है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता चंदन गोस्वामी ने कहा कि भाजपा की ओर से सभी विधानसभा क्षेत्र में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा समारोह के समय उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस रामनगर में राम मंदिर में उपस्थित रहेंगे।

40 स्थानों पर ढोल ताशों की गूंज

श्रीराम जन्मभूमि प्राण प्रतिष्ठा उत्सव समिति के शहर संयोजक अमोल ठाकरे ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा समारोह के मौके पर शहर में 40 स्थानों पर ढोल ताशों की गूंज होगी। गुरुद्वारा, मंदिर व अन्य धार्मिक स्थलों पर समारोह का सीधा प्रसारण होगा। 20 से अधिक स्थानों पर रामधून रैली निकलेगी।

शहर में 5.31 लाख से अधिक परिवारों को निमंत्रण दिया गया है। विद्यार्थियों सहित 16,975 रामभक्त सहयोग दे रहे हैं। कामठी मार्ग के गुरुद्वारा में 13 हजार दीये जलाए जाएंगे। शहर में अनेक स्थान पर भगवान राम के चित्र लगाए जाएंगे। फटाखे फोड़े जाएंगे। महाप्रसाद की व्यवस्था की जाएगी।

Created On :   19 Jan 2024 3:55 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story