क्राइम: योजना बनाकर सट्टा अड्डा संचालक की कर दी हत्या, कई गंभीर मामलों में लिप्त था

योजना बनाकर सट्टा अड्डा संचालक की कर दी हत्या, कई गंभीर मामलों में लिप्त था
  • वारदात के बाद तीन आरोपियों ने किया समर्पण
  • पहले विवाद किया, फिर मौत के घाट उतार दिया

डिजिटल डेस्क, नागपुर. एक बदमाश की हत्या करने के बाद तीन आरोपियों ने थाने में समर्पण कर दिया। इस प्रकरण में एक व्यक्ति घायल हो गया। घटना से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी और दहशत का माहौल रहा। हत्या की वारदात के बाद तीनों आरोपियों ने बेलतरोड़ी थाने में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को िगरफ्तार कर लिया। सोमवार को उन्हें अदालत में पेश कर पुलिस की रिमांड पर लिया गया है। गौरतलब है कि, पिछले 47 घंटे के भीतर यह हत्या की वारदात की तीसरी घटना है। मृतक कैकाड़ी नगर झोपड़पट्टी निवासी दिलीप बहालराम शाहू (34) है। उसके खिलाफ हत्या सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वर्तमान में वह शहर के बाहर से सट्टा अड्डा चला रहा था, लेकिन बीच-बीच में उसका बस्ती में आना-जाना लगा रहता था। अापराधिक गतिविधियों में लिप्त होने से परिसर में वह खुद के नाम की दहशत फैलाना चाहता था। वह किसी को भी डराता-धमकाता था। बस्ती के ही आरोपी गणेश बबला शाहू (21), पीयूश सुंदर लिल्हारे (21) और आकाश सुदामा लिल्हारे (21) से किसी बात को लेकर रंजिश चल रही थी।

पहले विवाद किया, फिर मौत के घाट उतार दिया

आरोपी करीब एक-डेढ़ महीने पहले ही उसकी हत्या करने की फिराक में थे, लेकिन सट्टे के कारोबार के कारण वह बाहर रहने से वह आरोपियों के हाथ नहीं लग रहा था। रविवार की रात आरोपियों को मौका मिला। जब दिलीप अपने िमत्र पीयूश बंडूजी सोनटक्के (20), रामटेके नगर निवासी के साथ तेज रफ्तार वाहन चलाकर जा रहा था, तब आरोपियों ने उसे रोका और बस्ती में इतनी रफ्तार से वाहन नहीं चलाने के लिए कहा। इस बात लेकर उनमें विवाद हो गया और पहले ही रंजिश के चलते खार खाए बैठे आरोपियों ने दिलीप और पीयूश पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में दिलीप की मौत हो गई। गंभीर रूप से जख्मी हुआ पीयूश वहां मौका देखकर भाग निकला। आरोपी उसे भी मारने की फिराक में थे।

शादी के बाद ही पत्नी ने छोड़ दिया था : दिलीप कुख्यात बदमाश होने से शादी के कुछ सालल बाद उसकी पत्नी उसे छोड़कर मायके में चली गई, क्योंकि शादी के बाद उसने वर्ष 2015-16 में एक व्यक्ति की हत्या की थी, इससे पत्नी भी डर गई थी।

थाने में पहुंचे सीपी, लगाई फटकार : इस घटना को लेकर पुलिस आयुक्त डॉ. रवींद्र सिंगल सहित अन्य अधिकारी बेलतरोड़ी थाने में पहुंचे और थाने के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। उन्हें अापराधिक वारदातों को रोकने की नसीहत दी।

वारदात के बाद बस्ती के लोग जमा हुए, तो आरोपी वहां से भाग निकले। उन्हें लग रहा था कि, दिलीप बच गया होगा, इसलिए आरोपी सीधे थाने पहुंचे और दिलीप और पीयूश द्वारा मारने की शिकायत करने लगे। आरोपियों के कपड़ों पर खून के छींटे देख पुलिस ने प्रकरण की गंभीरता भांप ली और उन्हें थाने में बिठाकर रखा। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो दिलीप का शव खून से लथपथ पड़ा हुआ था। इस घटना से परिसर में गैंगवार भड़कने की आशंका व्यक्त की जा रही है।

Created On :   11 Jun 2024 2:18 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story