उपलब्धि: नागपुर की सोनल खारा करेंगी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय कला का प्रदर्शन

नागपुर की सोनल खारा करेंगी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय कला का प्रदर्शन
  • रुद्राक्ष, नवदुर्गा जैसे आध्यात्मिक विषयों पर काम किया
  • डॉक्यूमेंट्री फिल्म निर्माता के रूप में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई
  • लंदन में 27 मई से 31 मई तक प्रदर्शनी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। सोनल पटेल खारा की पेंटिंग को "पैलेट ऑफ इंडिया' क्यूरेटर पिकोन भट्टाचार्य की प्रतिष्ठित प्रदर्शनी के लिए चुना गया है। यह प्रदर्शनी लंदन में 27 मई से 31 मई तक नेहरू सेंटर में आयोजित की गई है। सोनल ने रुद्राक्ष, नवदुर्गा जैसे आध्यात्मिक विषयों पर काफी काम किया है। इनके काम को आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस जैसे लोग सराहना कर चुके हैं। सोनल भारतीय कला का प्रदर्शन अंतरराष्ट्रीय मंच पर करने वाली हैं।

कई अवार्ड से सम्मानित : सोनल की कला ने आध्यात्मिकता और संस्कृति के माध्यम से कई लोगों के दिलों को छुआ है और अब उनका कार्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान प्राप्त कर रहा है। उनके कई कार्य यूनाइटेड स्टेट ऑफ अमेरिका में भी संग्रहित किए गए हैं। सोनल ने कई प्रमुख गैलरी जैसे इंडिया हैबिटेट सेंटर, त्रिवेणी कला संगम, अकादमी ऑफ फाइन आर्ट्स में मुख्य अतिथि के रूप में अपनी पेंटिंग को सजाया है। उन्होंने पद्मश्री बिमान दास, सुब्रत गंगोपाध्याय, वसीम कपूर, राखी रॉय, और अन्य प्रमुख कलाकारों के साथ प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया है। सोनल को 2019 में स्वर्ण पदक, 2020 में इंटरनेशनल आर्ट एक्सीलेंस अवार्ड, 2021 में ऑल इंडिया व्यूवर्स चॉइस अवार्ड से भी सम्मानित किया गया है।

फाइन आर्ट्स में मास्टर्स : सोनल का जन्म झारखंड के चाईबासा शहर में हुआ। सोनल ने अपनी पढ़ाई के दौरान 16 साल की आयु में पेंटिंग करना शुरू किया। उन्हें महान कलाकार स्वर्गीय बादल प्रामाणिक से सीखने का मौका मिला। सोनल ने अर्थशास्त्र (होंस) डिग्री और फाइन आर्ट्स में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है। वर्तमान समय मे वह नागपुर में कला व संस्कृति के क्षेत्र में कार्यरत हैं। उनकी कला यात्रा की पहली प्रदर्शनी ललित कला अकादमी अहमदाबाद से शुरू हुई। उसके बाद उन्होंने अपने कामों को गैटी हेरिटेज एंड आर्ट सेंटर शिमला, एकेडमी ऑफ फाइन आर्ट्स कोलकाता, नजरुल तीर्थ कोलकाता, इंडिया हैबिटेट सेंटर और त्रिवेणी कला संगम नई दिल्ली में सफलतापूर्वक प्रदर्शित किया।

फिल्म निर्माता के रूप में भूमिका : कला जगत में उनकी उपलब्धियों के अलावा, सोनल एक प्रमुख डॉक्यूमेंट्री फिल्म निर्माता के रूप में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनकी डॉक्यूमेंट्री टाइटल "खटमल खिलाने वाला’ ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 26 पुरस्कार हासिल किए हैं। यूके, यूएसए, ग्रीस, फ्रांस, भूटान, और बांग्लादेश जैसे विभिन्न देशों में इस मूवी की स्क्रीनिंग की गई है। सोनल का योगदान कला और फिल्म निर्माण के क्षेत्रों के बाहर भी जारी है।

Created On :   5 March 2024 10:54 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story