बड़ी पहल: ऐतिहासिक स्थल परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान, गांधी गेट - जीरो माईल समेत अन्य स्मारक परिसर में जुटे नागरिक

ऐतिहासिक स्थल परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान, गांधी गेट - जीरो माईल समेत अन्य स्मारक परिसर में जुटे नागरिक
  • गुरुवार को झोपड़पट्टी स्वच्छता अभियान
  • नागरिकों ने पहुंचकर सामूहिक स्वच्छता की मुहिम छेड़ी

Nagpur News. महानगरपालिका के पर्यावरण संवर्धन पखवाड़े के अंतर्गत चलाए जा रहे विशेष स्वच्छता अभियान में बुधवार को शहर के ऐतिहासिक स्थल परिसरों में नागरिकों ने पहुंचकर सामूहिक स्वच्छता की। अभियान के तहत गांधी महाल जोन अंतर्गत रुक्मिणी मंदिर, गांधी गेट और डीडी नगर विद्यालय परिसर में मुख्य स्वच्छता अधिकारी डॉ. गजेंद्र महल्ले, जोनल स्वच्छता अधिकारी सुरेश खरे, मनपा के ब्रांड एम्बेसडर व ग्रीन विजिल फाउंडेशन के संस्थापक कौस्तव चटर्जी, सुरभि जायसवाल, शीतल चौधरी, श्रिया जोगे, प्रिया यादव, मेहुल कोसुरकर, विष्णुदेव यादव, पिनाकी बानिक, प्रतीक इसमपेल्लीवार और तुषार देशमुख के साथ नागरिकों ने उपस्थित होकर सफाई की।

वहीं दूसरी ओर, धरमपेठ जोन अंतर्गत गोवारी शहीद स्मारक, जीरो माइल चौक तथा हनुमाननगर जोन अंतर्गत राम मंदिर, चंदन नगर में जोनल स्वच्छता अधिकारी दिनेश कलोडे और स्वच्छता निरीक्षक दुर्गेश बक्सरे के नेतृत्व में मनपा अधिकारियों व कर्मचारियों ने संपूर्ण परिसर में सफाई की। सभी जोनों के अंतर्गत ऐतिहासिक स्थलों की सफाई कर कचरा संकलित किया गया।

मनपा का यह स्वच्छता अभियान 21 जून, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तक चलेगा। अभियान के अंतर्गत 19 जून को बीडब्ल्यूजी वर्कशॉप, चित्रकला स्पर्धा एवं सौंदर्यीकरण, 20 जून को योग केंद्रों की स्वच्छता, चित्रकला स्पर्धा एवं सौंदर्यीकरण तथा 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर विशेष स्वच्छता अभियान में सहभागी नागरिकों का सत्कार किया जाएगा। अब तक अभियान के तहत अस्पतालों, बस स्थानकों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई की जा चुकी है।

गुरुवार को झोपड़पट्टी स्वच्छता अभियान

महानगरपालिका प्रशासन के पर्यावरण संवर्धन पखवाड़े के अंतर्गत विशेष स्वच्छता अभियान में 18 जून, गुरुवार को झोपड़पट्टी परिसरों में स्वच्छता की जाएगी। इसके लिए सभी जोन कार्यालयों के अंतर्गत झोपड़पट्टी क्षेत्रों में सुबह 7 बजे से सफाई अभियान चलाया जाएगा। अभियान में मनपा के अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय नागरिक सहभागी होंगे।

Created On :   17 Jun 2026 6:01 PM IST

Tags

Next Story