रेप: बेहोशी की दवा पिलाकर महिला से दुष्कर्म करने वाले को पुलिस ने किया गिरफ्तार

बेहोशी की दवा पिलाकर महिला से दुष्कर्म करने वाले को पुलिस ने किया गिरफ्तार
  • वीडियाे बनाकर कर रहा था ब्लैकमेल
  • आरोपी ने आपत्तिजनक वीडियो बनाया और फोटो भी निकाले
  • गर्भवती होने पर आरोपी ने उससे शादी करने से इनकार कर दिया

डिजिटल डेस्क, नागपुर । दुल्हन का मेकअप करने का आर्डर देेने के बाद घर पर आई 31 वर्षीय ब्यूटीशियन को चाय पीने के लिए कहा गया। चाय में बेहोशी की दवा मिलाकर बेहोश होने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इस दौरान आरोपी ने आपत्तिजनक वीडियो बनाया और फोटो भी निकाले। महिला को होश आने के बाद आरोपी वीडियो और फोटो के आधार पर उसे ब्लैकमेल कर रहा था। आरोपी ने महिला के पति को वीडियो और फोटो भेज दिए, तो उसका संसार उजड़ गया। पति का घर छूटने के बाद महिला आरोपी के साथ किराए के कमरे में रहने लगी। गर्भवती होने पर आरोपी ने उससे शादी करने से इनकार कर दिया। पीड़िता की शिकायत हुड़केश्वर पुलिस ने आरोपी मोहित पांडे (31), हुडकेश्वर निवासी को विविध धाराओं के तहत गिरफ्तार किया है।

एक गलती से विवाहिता का जीवन बर्बाद हो गया : दर्ज शिकायत के अनुसार पीड़ित 31 वर्षीय महिला पति और दो बच्चे के साथ रहती थी। ब्यूटी पार्लर का प्रशिक्षण लेने के बाद वह गृहस्थी में सहयोग करने के लिए ब्यूटीशियन का काम करने लगी। उसने कुछ जगह पर विज्ञापन के बोर्ड भी लगाए थे। इसके आधार पर आरोपी मोहित पांडे ने महिला से फोन पर बातचीत की और उसे दुल्हन का मेकअप करने का ऑर्डर दिया और घर का पता देकर उसे तीन घंटे के भीतर आने के िलए कहा। महिला उस बताए गए पते पर पहुंची। उस समय घर में आरोपी के अलावा कोई नहीं था। आरोपी ने महिला से कहा- घर के लोग खरीदारी के लिए बाजार गए हैं। पश्चात मोहित ने महिला के लिए चाय बनाई। चाय पीने के कुछ समय बाद महिला बेहोश हो गई। होश में आने पर उसने खुद को निर्वस्त्र पाया। उसके साथ आरोपी मोहित ने दुष्कर्म किया। आरोपी ने इस दौरान मोबाइल में जो वीडियो बनाया और फोटो खींचे थे, वह महिला को दिखाने लगा तथा उसके बच्चों को मारने की धमकी दी। घटना के बारे में किसी को कुछ बताने पर बदनाम करने व पति को वीडियो व फोटो भेजने की धमकी दी।

ड्रग्स भी बेचने लगा था आरोपी : आरोपी मोहित पांडे को ड्रग्स की लत लग गई थी। वह ड्रग्स का शौक पूरा करने ड्रग्स भी बेचने लगा था। उसके पास कई ग्राहक हैं। इस मामले में आरोपी के साथ हुड़केश्वर थाने के एक कर्मचारी शामिल होने की चर्चा है। पीड़िता द्वारा बयान में पुलिसकर्मी का जिक्र करने व ड्रग्स सेवन करते समय मोबाइल में कैद होने की चर्चा है।

धमकी देकर शोषण कर रहा था : आरोपी मोहित बार-बार ब्लैकमेल कर महिला का शारीरिक शोषण करने लगा। कुछ समय के बाद महिला ने आरोपी की बात मानने से इनकार किया, तो उसने उसके पति को वीडियो और फोटो भेज दिए। इससे महिला का घर उजड़ गया। आरोपी ने महिला को ‘लिव इन रिलेशनशिप’ में रहने पर शादी करने का लालच दिया। इस दौरान वह गर्भवती हो गई, तो आरोपी शादी करने से इनकार कर दिया। पीड़ित महिला, आरोपी की मां से मिलने गई, तो उसने भी शादी से इनकार कर दिया। अंत में महिला ने मोहित के खिलाफ हुड़केश्वर थाने में शिकायत की।

Created On :   28 Feb 2024 7:25 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story