बजट: नागपुर की तर्ज पर पुणे के औंध में बनेगा अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स

नागपुर की तर्ज पर पुणे के औंध में बनेगा अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स
  • नागपुर के मिहान परियोजना के लिए 100 करोड़ रुपए
  • पुणे के औंध में बनेगा अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स
  • विदर्भ की सिंचाई परियोजनाओं के लिए 2 हजार करोड़

डिजिटल डेस्क, मुंबई। नागपुर की तर्ज पर पुणे के औंध में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की स्थापना की जाएगी। इसके अलावा जुन्नर तहसील के वडज में छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित शिवनेरी संग्रहालय बनाया जाएगा। इसमें वस्तु संग्रहालय, शिवकालीन गांव, किलों की प्रतिकृति और खुले सभागृह का समावेश होगा।

शिरूर में संभाजी महाराज का स्मारक

पुणे में हवेली तहसील के तुलापुर स्थित स्वराज्यरक्षक छत्रपति संभाजी महाराज के बलिदान स्थल और शिरूर तहसील के समाधि स्थल पर स्मारक बनाने के लिए 270 करोड़ रुपए के विकास प्रारूप को मंजूरी दी गई है।

इंदापुर में गढी और दर्गा का विकास-

पुणे के इंदापुर शहर में मालोजीराजे भोसले की गढी और हजरत चांद शाह वलीबाबा दर्गा परिसर के विकास के लिए 37 करोड़ 28 लाख रुपए के कामों को मंजूरी दी गई है।

नागपुर के मिहान परियोजना के लिए 100 करोड़ रुपए

राज्य के उपमुख्यमंत्री तथा वित्त मंत्री अजित पवार ने साल 2024-25 के अंतरिम बजट में नागपुर के मिहान परियोजना के भूमिअधिग्रहण और पुनर्वसन के लिए 100 करोड़ रुपए की निधि उपलब्ध कराने की घोषणा की है। विधानसभा में वित्त मंत्री ने कहा कि उद्योगों की तकनीकी आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल्य विकास प्रशिक्षण केंद्र नागपुर के कोराडी में बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि नागपुर के विभागीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को राज्य स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का दर्जा दिया गया है। इस स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में अंतरराष्ट्रीय दर्जे की खेल व अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

विदर्भ की सिंचाई परियोजनाओं के लिए 2 हजार करोड़

विदर्भ की सिंचाई के अनुशेष दूर करने के लिए 2 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। विदर्भ की वैनगंगा-नलगंगा नदी जोड़ो परियोजना द्वारा 3 लाख 71 हजार हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई का लाभ मिलेगा। इस परियोजना के लिए आवश्यक निधि का सरकार उपलब्ध कराएगी।

गोसीखुर्द जलाशय में जलपर्यटन -

भंडारा के गोसीखुर्द जलाशय, सातारा के शिवसागर जलाशय, जलगांव के वाघुर जलाशय में जल पर्यटन परियोजना शुरू की जाएगी।


Created On :   27 Feb 2024 3:34 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story