कोई विकल्प नहीं: प्रदेश भाजपा प्रवक्ता नवनाथ बन ने किया दावा - फिर सांसद बनने कांग्रेस में शामिल होंगे राऊत

प्रदेश भाजपा प्रवक्ता नवनाथ बन ने किया दावा - फिर सांसद बनने कांग्रेस में शामिल होंगे राऊत
  • प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता नवनाथ बन का दावा
  • फिर सांसद बनने कांग्रेस में शामिल होंगे राऊत

Mumbai News. प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता नवनाथ बन ने शिवसेना (उद्धव) के सांसद संजय राऊत के कांग्रेस में शामिल होने का दावा किया है। बन ने कहा कि राऊत दोबारा राज्यसभा सांसद बनने के लिए शिवसेना (उद्धव) को छोड़कर कांग्रेस में आधिकारिक रूप से प्रवेश करेंगे। उल्लेखनीय है कि राऊत के राज्यसभा का कार्यकाल साल 2028 में खत्म होगा। गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में बन ने कहा कि राज्यसभा की सीट राकांपा (शरद) के अध्यक्ष शरद पवार को दिए जाने से शिवसेना (उद्धव) में दो फाड़ हो गई है। इससे राऊत को राज्यसभा में दोबारा जाने के लिए कांग्रेस में शामिल होने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। राऊत भी समझ चुके हैं कि शिवसेना (उद्धव) के पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे उन्हें फिर से सांसद नहीं बनाएंगे। राऊत पहले पर्दे के पीछे से उद्धव और शिवसेना (उद्धव) के विधायक आदित्य ठाकरे के खिलाफ साजिश रचते थे। अब वह खुलेआम शिवसेना (उद्धव) को छोड़कर कांग्रेस में शामिल होंगे। बन ने कहा कि शिवसेना (उद्धव) के भीतर की गुटबाजी सामने आई है। इससे उद्धव, आदित्य और राऊत के बीच टकराव की स्थिति पैदा हो गई है। बन ने राऊत के जन्म से शिवसैनिक होने के दावे को हास्यास्पद करार दिया। दूसरी तरफ नई दिल्ली में राऊत ने कहा कि मैं बीते सप्ताह हुई शिवसेना (उद्धव) के सांसदों की बैठक में शामिल नहीं था। लेकिन मुझे नहीं लगता है कि शिवसेना (उद्धव) की राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने मेरे खिलाफ कोई बयान दिया होगा। राऊत ने कहा कि मैं पार्टी के स्थापना के समय से शिवसेना (अविभाजित) में शामिल हुआ था। मेरा शिवसेना प्रमुख दिवंगत बालासाहब ठाकरे और उद्धव ठाकरे से क्या रिश्ता है? यह सभी लोगों को पता है।

Created On :   26 March 2026 10:40 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story