- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- मंत्री जिरवाल का ट्रांसवुमन के साथ...
विवाद: मंत्री जिरवाल का ट्रांसवुमन के साथ वायरल वीडियो पर विवाद, कांग्रेस ने बर्खास्त करने की मांग की

Mumbai News. राज्य सरकार में अन्न एवं औषधि प्रशासन मंत्री नरहरी जिरवाल का 'ट्रांसवुमन' के साथ वायरल वीडियो ने महाराष्ट्र का तापमान बढ़ा दिया है। सोशल मीडिया पर जिरवाल का वीडियो सामने आने के बाद विपक्षी दल कांग्रेस ने उनके ''अश्लील एवं अनैतिक आचरण'' के कारण मंत्रिमंडल से बर्खास्त किए जाने की मांग की है। कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने आरोप लगाया कि जिरवाल इस वीडियो में अपने सरकारी आवास पर 'ट्रांसवुमन' के साथ आपत्तिजनक स्थिति में दिखाई दे रहे हैं। यह घटना राज्य की राजनीति में नैतिक पतन को दिखाती है।
वडेट्टीवार ने इस वीडियो के सामने आने के लिए सत्तारूढ़ सहयोगी दलों के बीच खींचतान को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा यह सरकार के भीतर की 'गैंगवार' के अलावा कुछ नहीं है जिसमें सत्तारूढ़ दल एक-दूसरे को खत्म करने में लगे हैं। यह महाराष्ट्र के लिए अच्छा नहीं है। उन्होंने कहा कि जिरवाल एक 'ट्रांसजेंडर' व्यक्ति के साथ थे और उसके भाई ने कथित रूप से ब्लैकमेल करने के प्रयास के तहत वीडियो सार्वजनिक किया। जिरवाल ने अपने सरकारी आवास पर उस ट्रांसजेंडर के साथ जो किया, वह बिल्कुल गलत है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने इस घटना को राज्य की राजनीति में नैतिक पतन का उदाहरण बताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि 'सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा मंत्री नरहरी जिरवाल का आपत्तिजनक वीडियो केवल एक घटना नहीं है, बल्कि महाराष्ट्र की राजनीति में नैतिक गिरावट का एक ज्वलंत उदाहरण है। अगर एक जिम्मेदार जन प्रतिनिधि का इस तरह के अशोभनीय और अनैतिक व्यवहार में लिप्त होना अत्यंत निंदनीय है। मुख्यमंत्री को बिना किसी देरी के जिरवाल को मंत्री पद से हटाना चाहिए। गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले जिरवाल के कार्यालय का एक कर्मचारी रिश्वतखोरी के आरोप में गिरफ्तार हुआ था। उस मामले में भी जिरवाल की काफी किरकिरी हुई थी। ट्रांसजेंडर के साथ वायरल हुए वीडियो पर जिरवाल की प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है।
Created On :   26 March 2026 10:26 PM IST








