- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- अजित पवार विमान हादसे में फडणवीस ने...
Mumbai News: अजित पवार विमान हादसे में फडणवीस ने कहा - अगर किसी का हाथ निकला तो उसे कब्र से खोद निकालेंगे

Mumbai News. विधानमंडल के बजट सत्र के अंतिम दिन अंतिम सप्ताह की चर्चा का उत्तर देते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के बारामती में हुए विमान हादसे को लेकर विस्तृत बयान दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर अजित पवार के हादसे में किसी का हाथ है, तो दोषियों को वह कब्र से भी खोदकर निकाल लेंगे। उन्होंने कहा कि आरोपियों को किसी भी हाल में नहीं छोड़ा जाएगा। यहां तक कि उन्होंने कहा कि आरोपी को आकाश-पाताल से भी खोजकर लाया जाएगा। उन्होंने सदन में कहा कि इस मामले में कर्नाटक को मामला दर्ज करने का कोई अधिकार नहीं है।
विधानसभा में फडणवीस ने क्या कहा?
मुख्यमंत्री फडणवीस ने राकांपा (अजित) विधायक रोहित पवार द्वारा अजित पवार विमान हादसे के मुद्दे पर जवाब देते हुए कहा कि आप मन में शंका मत रखो। अजित दादा से मेरे भी करीबी संबंध थे। अन्य लोगों की भावना कम है, ऐसा मत समझिए। फडणवीस ने कहा कि इस हादसे की जांच में जो भी करना पड़ेगा, किया जाएगा और किसी भी हाल में कुछ गलत नहीं होने दूंगा। उन्होंने यह भी कहा कि अजित पवार के हादसे की सभी पहलुओं की जांच पूरी पारदर्शिता के साथ की जाएगी। अगर किसी ने साजिश की, तो उसे कब्र से खोदकर निकालेंगे।आकाश-पाताल एक करके उन्हें खोजा जाएगा।
यह भी पढ़े -महिलाओं को व्यवसाय शुरू करने मिलेगा कर्ज, पुणे विभाग के अधिकारियों को जबरन छुट्टी पर भेजेंगे, सोशल मीडिया पर यौन उत्पीड़न माना जाएगा अपराध
हादसे के समय और जांच में सामने आए तथ्य
• सीसीटीवी फुटेज: अजित पवार के मुंबई एयरपोर्ट और बारामती में हादसे से पहले के फुटेज प्राप्त हो चुके हैं।
• डीएनए और शव परीक्षण: विमान में मृतकों के सभी डीएनए टेस्ट उनके रिश्तेदारों से मेल खाते हैं।
• रक्त परीक्षण: मृतकों के रक्त में किसी भी प्रकार का विष या जहरीला पदार्थ नहीं पाया गया।
• पायलट और को-पायलट: सुमित कपूर और शांभवी पाठक दोनों ने ब्रेथ टेस्ट पास किया, किसी प्रकार के नशीले पदार्थ का सेवन नहीं किया।
• सुरक्षा जांच: अजित पवार के सुरक्षाकर्मी और विमान के अधिकारी जांच में कोई स्फोटक या संदिग्ध पदार्थ विमान में नहीं पाए गए।
• हादसे का स्थल: दुर्घटना स्थल पर राख में किसी भी प्रकार का विस्फोटक अंश नहीं मिला।
• उड़ान से पहले सुमित को 36 घंटे का आराम था, जबकि पाठक को 7 दिन का आराम मिला था।
फडणवीस ने बारामती एयरपोर्ट की व्यवस्थाओं पर उठाए सवाल
मुख्यमंत्री ने कहा कि बारामती एयरपोर्ट पर आवश्यक सुरक्षा सुविधाएं, जैसे कि फायर फाइटिंग सिस्टम और रनवे उड़ान के लिए तैयार नहीं थे। इसके बावजूद वहां विमान संचालन हो रहा था। उन्होंने कहा कि यह स्थिति जांच का एक महत्वपूर्ण पहलू है। फडणवीस ने कहा कि इस मामले में केंद्र सरकार से सीबीआई जांच की मांग की गई है। उन्होंने रोहित पवार और अन्य नेताओं को आश्वस्त किया कि जांच पूरी पारदर्शिता के साथ होगी। बजट सत्र खत्म होने के बाद वह अजित के विधायकों को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मिलने दिल्ली जाएंगे।
यह भी पढ़े -कांग्रेस विधायक पटोले ने दैनिक भास्कर की खबरों के हवाले से उठाया मुद्दा, विधानसभा में गूंजा पोषण आहार घोटाले का मामला
रोहित पवार पर तंज
फडणवीस ने रोहित पवार तंज कसते हुए कहा कि आपने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से दिल्ली में मुलाकात की थी। राहुल ने आपसे कहा कि कर्नाटक में जाकर एफआईआर करो, राहुल के कहने पर कर्नाटक में मामला दर्ज हुआ। लेकिन कानून का जानकार होने के नाते यह कह सकता हूं कि कर्नाटक को इस मामले में शून्य एफआईआर दर्ज करने का अधिकार ही नहीं है। कर्नाटक ने महाराष्ट्र की बदनामी और दबाव बनाने के लिए एफआईआर दर्ज की।
उड़ान से पहले की पूरी टाइमलाइन
• 27 जनवरी को ही अजित पवार के दौरे की सूचना दी गई थी
• रात 8 बजे विमान बुक हुआ
• पायलट सुमित कपूर और को-पायलट शांभवी पाठक का सुबह 7 बजे ब्रेथ टेस्ट हुआ, दोनों के नमूने नकारात्मक पाए गए
• अजित सुबह 7:52 बजे एयरपोर्ट पहुंचे, 8:12 बजे विमान ने बारामती के लिए उड़ान भरी
• पूरी गतिविधि सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई
नरेंद्र मेहता दोषी पाए गए तो सबसे पहले कार्रवाई- फडणवीस
कांग्रेस विधायक नाना पटोले द्वारा मीरा-भायंदर के भाजपा विधायक नरेंद्र मेहता को भूमाफिया कहकर सवाल उठाए तो मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि अगर नरेंद्र मेहता के खिलाफ कोई सबूत होगा तो भले ही मेरी पार्टी के होने के बावजूद मैं उन पर कार्रवाई करूंगा। उन्होंने कहा कि पटोले को मुद्दा उठाने के साथ-साथ सबूत भी दिखाने चाहिए। राजनीति में किसी भी व्यक्ति पर आरोप लगाकर उसका चरित्र हनन नहीं करना चाहिए।
Created On :   25 March 2026 10:21 PM IST











