तंत्र-मंत्र के नाम पर हैवानियत: देवी अवतार बनकर महिलाओं का शोषण, अशोक खरात पर 8 केस दर्ज, 40 करोड़ की संपत्ति का खुलासा

देवी अवतार बनकर महिलाओं का शोषण, अशोक खरात पर 8 केस दर्ज, 40 करोड़ की संपत्ति का खुलासा
  • 5 करोड़ की रंगदारी का मामला भी
  • 40 करोड़ की संपत्ति का खुलासा
  • छापेमारी में हथियार और इलेक्ट्रॉनिक सबूत बरामद

Mumbai News. खुद को देवी अवतार बताकर महिलाओं का शोषण करने वाले कथित ज्योतिष अशोक खरात के खिलाफ बड़ा खुलासा हुआ है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को विधानसभा में बताया कि आरोपी खरात ने महिलाओं को डर, अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र के नाम पर प्रताड़ित किया। अब तक इस मामले में 8 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। जिसमें 7 केस की एसआईटी जांच कर रही है जबकि एक केस की जांच क्राइम ब्रांच कर रही है। फडणवीस ने कहा कि खरात की करीब 40 करोड़ की सम्पत्ति का खुलासा हुआ है। इसके साथ उसके खिलाफ 5 करोड़ की रंगदारी का भी मामला दर्ज हुआ है।

5 करोड़ की रंगदारी, एआई फोटो से ब्लैकमेल

फडणवीस ने कहा कि जांच में सामने आया है कि आरोपी ने एक महिला को उसके फोटो वायरल करने की धमकी देकर 5 करोड़ रुपए की मांग की थी। 18 फरवरी 2026 को एआई के जरिए तैयार फोटो वायरल कर बाद में डिलीट कर दिए गए, जिससे सबूत जुटाने में दिक्कत आई। हालांकि पुलिस ने पीड़ित महिलाओं का काउंसलिंग कर उनकी पहचान गुप्त रखते हुए केस दर्ज किए हैं। इसके साथ ही डिलीट किए गए सबूतों को दोबारा पाने का काम चल रहा है।

‘तंत्र-मंत्र’ के नाम पर हैवानियत

मुख्यमंत्री के मुताबिक आरोपी महिलाओं को संमोहन और धार्मिक विधियों के नाम पर अपने जाल में फंसाता था। उन्हें नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म करता था। विरोध करने पर पति को मारने और ‘देवी कोप’ की धमकी दी जाती थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी गठित कर जांच की जा रही है।

छापेमारी में हथियार और इलेक्ट्रॉनिक सबूत बरामद

पुलिस कार्रवाई में 6 लाख नकद, दो लैपटॉप, डीवीआर, रिवॉल्वर और जिंदा कारतूस बरामद किए गए। 17 मार्च को आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पेन ड्राइव और मोबाइल से डिलीट डाटा रिकवर करने का काम जारी है।

40 करोड़ की संपत्ति पर जांच, विदेश कनेक्शन भी खंगाला जा रहा

जांच में आरोपी की 33 एकड़ जमीन, फार्महाउस, पनवेल की जमीन, पुणे का फ्लैट और सिन्नर का मंगल कार्यालय सहित करीब 40 करोड़ रुपए की संपत्ति सामने आई है। रिश्तेदारों के नाम पर संपत्ति और विदेशी कनेक्शन की भी जांच हो रही है। आरोपी ने अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, फ़्रांस, दक्षिण अफ्रीका समेत कई देशों की यात्रा की थी। पुलिस ने अब तक कई पीड़ित महिलाओं के बयान दर्ज किए हैं और अन्य महिलाओं को भी आगे आने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके साथ ही सोशल मीडिया से आपत्तिजनक फोटो-वीडियो हटाने की कार्रवाई जारी है। उन्होंने साफ किया है कि इस मामले में आरोपी की मदद करने वाले किसी भी व्यक्ति को नहीं बख्शा जाएगा।

Created On :   24 March 2026 9:25 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story