New Delhi News: 4जी सैचुरेशन परियोजना में महाराष्ट्र में लगे 2297, ग्राम पंचायतों को सेवा उपलब्ध कराने के लिए तैयार किया जा चुका

New Delhi News. देश में 4जी सैचुरेशन परियोजना के तहत 28 फरवरी 2026 तक 14,301 मोबाइल टावर संस्थापित किए गए हैं, जिनमें से 2,297 टावर महाराष्ट्र में लगाए गए हैं। संचार राज्य मंत्री डॉ पेम्मासानी चंद्रशेखर ने बुधवार को लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान राकांपा (शरद) और कांग्रेस सांसद शिवाजी कालगे के पूछे गए एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में देश में 4जी सैचुरेशन के तहत 3,623 टावर संस्थापित किए गए हैं, जिनमें से महाराष्ट्र में 533 टावर शामिल हैं। उन्होंने बताया कि भारतनेट कार्यक्रम के तहत दिनांक 28 फरवरी 2026 तक देश भर में कुल 2,17,805 ग्राम पंचायतों को सेवा उपलब्ध कराने के लिए तैयार किया जा चुका है, जिनमें महाराष्ट की 24,575 ग्राम पंचायतें शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 28 फरवरी 2026 तक देश के 6,44,131 गांवों में से 6,32,392 गांव 4जी मोबाइल सेवाओं से कवर हैं।
प्रधानमंत्री मोदी से मिले महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा
उधर महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। प्रधानमंत्री कार्यालय में हुई इस शिष्टाचार भेंट के दौरान राज्यपाल ने प्रधानमंत्री मोदी को पुष्पगुच्छ और छत्रपति शिवाजी महाराज की तस्वीर भेंट की। इस दौरान राज्यपाल ने प्रधानमंत्री मोदी से कई मुद्दों पर चर्चा की। महाराष्ट्र के राज्यपाल का पद संभालने के बाद श्री वर्मा का यह पहला दिल्ली दौरा है।
Created On :   25 March 2026 8:00 PM IST










