राज्यसभा: बिहार, यूपी समेत 8 राज्यों के 53 जिलों से हैं एनएच परियोजनाओं में काम करने वाले सर्वाधिक श्रमिक - गडकरी

बिहार, यूपी समेत 8 राज्यों के 53 जिलों से हैं एनएच परियोजनाओं में काम करने वाले सर्वाधिक श्रमिक -  गडकरी
  • बिहार के 12 और यूपी के 11 जिले शामिल
  • एनएच परियोजनाओं में काम करने वाले सर्वाधिक श्रमिक

New Delhi News. महाराष्ट्र समेत देश भर में चल रही राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) परियोजनाओं में काम करने वाले कुशल और अर्ध कुशल श्रमिकों की सर्वाधिक संख्या आठ राज्यों से आती है। इसमें भी दिलचस्प बात ये है कि बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और झारखंड के कुल 53 जिलों से ये सर्वाधिक श्रमिक देश भर में चल रही एनएच परियोजनाओं में काम करते हैं।

सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान महाराष्ट्र से कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी के पूछे गए एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एनएच से संबंधित फील्ड कार्यालयों से एकत्रित सूचना के आधार पर यह पाया गया है कि देश भर में कार्यान्वित की जा रही परियोजनाओं में लगे सर्वाधिक मजदूर आठ राज्यों के 53 जिलों से आते हैं। इसमें बिहार के चंपारण, मधुबनी, पूर्णिया, सहरसा, मधेपुरा, सुपौल, गोपालगंज, सिवान, सारण, पटना, गया और जहानाबाद जिले शामिल हैं।

गडकरी ने राज्यवार ब्यौरा देते हुए बताया कि एनएच परियोजनाओं में उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, सहारनपुर, कानपुर, बरेली, आगरा, आजमगढ़, वाराणसी, प्रयागराज, रायबरेली, मिर्जापुर और जौनपुर समेत 11 जिलों से सर्वाधिक श्रमिक काम करते हैं। राजस्थान के जयपुर, बीकानेर, दौसा, भरतपुर, बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर, उदयपुर और चित्तौड़गढ़ जिले से भी सर्वाधिक श्रमिक एनएच परियोजनाओं में काम करते हैं। वहीं, मध्य प्रदेश में कटनी, रीवा, छतरपुर, पन्ना, मुरैना और भिंड जिला शामिल है। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि इस सूची में पश्चिम बंगाल के 3, ओडिशा के 6, छत्तीसगढ़ के 2 और झारखंड के 4 जिले शामिल हैं।

Created On :   20 March 2026 8:44 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story