- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- नागपुर यूनिवर्सिटी की 233 एकड़ भूमि...
Nagpur News: नागपुर यूनिवर्सिटी की 233 एकड़ भूमि कानूनी जाल में उलझी

Nagpur News राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज नागपुर विद्यापीठ के पास शहर के प्राइम लोकेशन पर 233 एकड़ से अधिक जमीन है, लेकिन इसका एक बड़ा हिस्सा कानूनी विवादों और अतिक्रमण की भेंट चढ़ चुका है।
हाल ही में सीनेट की बैठक में पेश की गई रिपोर्ट ने चौंकाने वाला खुलासा किया है कि, विद्यापीठ की 24 महत्वपूर्ण संपत्तियों के मामले विभिन्न अदालतों में लंबित हैं। यह स्थिति विद्यापीठ के ‘एस्टेट’ विभाग की कार्यप्रणाली और संपत्तियों के संरक्षण पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
अमरावती रोड परिसर सबसे बड़ा : विद्यापीठ का सबसे बड़ा हिस्सा (169.91 एकड़) महात्मा ज्योतिबा फुले शैक्षणिक परिसर में है, जहां मुख्य प्रशासनिक और शैक्षणिक विभाग स्थित हैं। इसके अलावा रावबहादुर डी. लक्ष्मीनारायण परिसर (33.49 एकड़) और रामदासपेठ स्थित मुख्य पुस्तकालय (3.61 एकड़) जैसी बेशकीमती जमीनें भी विद्यापीठ के पास हैं।
इन संपत्तियों पर फंसा है ‘पेंच' : कन्हान क्षेत्र की जमीन का बिहरिलाल खंडेलवाल ट्रस्ट के साथ कानूनी लड़ाई जारी है। ट्रस्ट यहां स्कूल चला रहा है और मामला दीवानी याचिका में अटका है। जानकीबाई ठाकुर बंगला (धंतोली) 1944 में दान में मिली इस ऐतिहासिक संपत्ति पर आज भी पुराने किरायेदारों का कब्जा है। इसे खाली कराना विद्यापीठ के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। डॉ. कमलाबाई कोरके बंगला (धरमपेठ), यह बंगला एमआईडीसी को किराये पर दिया गया है, लेकिन यहां भी पुराने किरायेदारों को हटाने की कानूनी प्रक्रिया कछुआ गति से चल रही है।
2025 में बढ़ा विवादों का ग्राफ : रिपोर्ट के अनुसार किरायेदारी, अवैध कब्जे और मालिकाना हक को लेकर विद्यापीठ स्मॉल कॉज कोर्ट से लेकर जिला न्यायालय तक चक्कर काट रहा है। दिलचस्प बात यह है कि, जहां 2005 से कुछ मामले लंबित हैं, वहीं वर्ष 2025 में अचानक विवादों में तेजी आई और रिकॉर्ड 12 नई याचिकाएं दायर की गईं। साल 2026 की शुरुआत में भी एक नया मामला कोर्ट पहुंच चुका है।
प्रमुख परिसरों में फैली हुई है जमीन : रिपोर्ट के अनुसार विद्यापीठ के पास कुल 233.138 एकड़ भूमि है। इसमें सबसे बड़ा हिस्सा 169.91 एकड़ महात्मा ज्योतिबा फुले शैक्षणिक परिसर, अमरावती रोड में स्थित है, जहां मुख्य प्रशासनिक भवन, कुलगुरु, प्र-कुलगुरु, कुलसचिव कार्यालय, विद्यापीठ विकास विभाग, वित्त और लेखा विभाग, स्नातकोत्तर विभाग, अनुसंधान केंद्र, इनक्यूबेशन सुविधाएं, अतिथि गृह और कुलगुरु का निवास स्थान मौजूद हैं।
इसके अलावा 33.497 एकड़ में फैला रावबहादुर डी. लक्ष्मीनारायण परिसर भी महत्वपूर्ण है, जहां शारीरिक शिक्षा विभाग, खेल मैदान, छात्रावास और डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर विधि विद्यालय स्थित हैं।
अन्य परिसरों में छत्रपति शिवाजी महाराज प्रशासनिक परिसर (4.104 एकड़), मुख्य पुस्तकालय परिसर, रामदासपेठ (3.61 एकड़) और पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर परिसर (3.978 एकड़) शामिल हैं। अंबा विहार और डॉ. नियोगी बंगला परिसर, सुभाष नगर मिलाकर करीब 7.04 एकड़ क्षेत्र में फैले हैं। इसके अलावा विद्यापीठ के पास जानकीबाई ठाकुर बंगला, डॉ. कमलाबाई कोरके बंगला, कान्हान क्षेत्र की जमीन और दिघोरी लॉ कॉलेज परिसर जैसी छोटी संपत्तियां भी हैं।
Created On :   20 March 2026 2:46 PM IST















