Nagpur News: नागपुर यूनिवर्सिटी के लीगल सेल में 46 वकील, फिर भी बाहरी की मदद

नागपुर यूनिवर्सिटी के लीगल सेल में 46 वकील, फिर भी बाहरी की मदद
  • आरटीआई में बड़ा खुलासा
  • वित्त वर्ष 2024 से अब तक 23 लाख 13 हजार किए खर्च

Nagpur News राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज नागपुर विद्यापीठ के लीगल सेल और न्यायालयीन खर्चों को लेकर सूचना के अधिकार के तहत एक महत्वपूर्ण खुलासा सामने आया है। विद्यापीठ ने पिछले दो वर्षों में लीगल सेल पर कुल 23 लाख 13 हजार 100 रुपए खर्च किए हैं। गौरतलब है कि विद्यापीठ के लीगल सेल में 46 वकीलों की नियुक्ति की गई है। इसके बावजूद, कुछ मामलों में विद्यापीठ को बाहरी विधि विशेषज्ञों की मदद लेनी पड़ रही है।

विशेष याचिकाओं के लिए ली सहायता : सामाजिक कार्यकर्ता अभय कोलारकर द्वारा दायर एक आरटीआई के जवाब में विद्यापीठ ने अपने कानूनी खर्चों और मुकदमों का ब्यौरा साझा किया है। इस जानकारी के अनुसार, विद्यापीठ की लीगल सेल में 46 वकीलों की नियुक्ति की गई है। इतनी बड़ी संख्या में कानूनी सलाहकार होने के बावजूद, विद्यापीठ को विशिष्ट मामलों के लिए बाहरी विशेषज्ञ वकीलों की सेवाएं लेनी पड़ रही हैं। रिकॉर्ड के अनुसार हाल के समय में दो विशेष याचिकाओं के लिए बाहरी विशेषज्ञों की मदद ली गई।

कानूनी खर्च का लेखा-जोखा

वित्त वर्ष 2024-25 : 1 अप्रैल 2024 से 31 मार्च 2025 के बीच कुल 14,09,600 का खर्च दर्ज किया गया है।

वित्त वर्ष 2025-26: वर्तमान वर्ष में 1 अप्रैल 2025 से 9 फरवरी 2026 तक अब तक 9,03,500 खर्च किए जा चुके हैं ।

यूनिवर्सिटी बनाम कर्मचारी

आरटीआई से यह भी स्पष्ट हुआ है कि विद्यापीठ ने कुल 8 लोगों के खिलाफ मामले दर्ज किए हैं, वहीं, पिछले दस वर्षों में विद्यापीठ के विरुद्ध कितने मामले दर्ज हुए और कितने निर्णय आए, इसकी सटीक संख्या देने के बजाय विभाग ने जानकारी के लिए बाॅम्बे हाईकोर्ट की वेबसाइट देखने कहा है।


Created On :   20 March 2026 12:16 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story