Nagpur News: हाईटेक सिस्टम फेल, 3700 किलो चावल की कालाबाजारी बेनकाब

हाईटेक सिस्टम फेल, 3700 किलो चावल की कालाबाजारी बेनकाब
  • पुलिस ने रंगेहाथ पकड़ा 74 बोरी सरकारी चावल
  • खाद्यान्न माफिया में हड़कंप

Nagpur News शहर में ‘हाईटेक राशनिंग' और ‘बायोमेट्रिक सिस्टम' के तमाम दावों की पोल एक बार फिर खुल गई है। मानकापुर पुलिस ने बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात बड़ी कार्रवाई करते हुए राशन अनाज की कालाबाजारी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से करीब 3,700 किलो (74 बोरी) चावल और एक मालवाहक वाहन जब्त किया है।

आधी रात का ‘ऑपरेशन चावल' : सूत्रों के अनुसार मैक्स अस्पताल के पीछे स्थित आंबेडकर राशन दुकान के सामने रात करीब 2 बजे संदिग्ध गतिविधियां चल रही थीं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने छापा मारा, जहां वाहन (एम.एच.-40-सी.-4931) में सरकारी चावल लादा जा रहा था। जांच में सामने आया कि, यह माल दुकान संचालक जयेश प्रवीण दहीकर का है। जब्त किए गए अनाज और वाहन की कुल कीमत करीब 1.48 लाख रुपए आंकी गई है। छापेमारी पुलिस उपायुक्त नित्यानंद झा और मानकापुर के वरिष्ठ थानेदार हरीश कालसेकर के मार्गदर्शन में उपनिरीक्षक प्रांजलि अांबेडकर एवं उनकी टीम द्वारा की गई।

सिस्टम पर खड़े हुए गंभीर सवाल : इस कार्रवाई ने प्रशासन की निगरानी पर कई सवालिया निशान लगा दिए हैं। जब राशन की दुकानें दिन में खुलती हैं, तो आधी रात को अनाज की लोडिंग क्यों हो रही थी? अंगूठे के निशान और ऑनलाइन रिकॉर्ड के बावजूद इतना बड़ा स्टॉक सिस्टम से बाहर कैसे निकला? खाद्यान्न आपूर्ति विभाग और एफडीए की ढीली कार्यप्रणाली और सैंपल रिपोर्ट में होने वाली देरी क्या माफियाओं को संरक्षण दे रही है?

दुकान के खिलाफ पहले भी शिकायतें मिली थीं : राशन की कालाबाजारी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि जांच में दुकानदार दोषी पाया जाता है, तो तुरंत लाइसेंस निलंबित किया जाएगा। इस दुकान के खिलाफ पहले भी शिकायतें मिली थीं, हम पुलिस कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। -विनोद काले, खाद्यान्न आपूर्ति अधिकारी, नागपुर शहर


Created On :   20 March 2026 1:55 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story