प्राकृतिक आपदा: शिवराज ने कहा - महाराष्ट्र ने 14,000 करोड़ रुपये सीधे किसानों के खाते में भेज की मदद

New Delhi News. केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान महाराष्ट्र के संबंध में पूछे गए एक पूरक प्रश्न के उत्तर में कहा कि हाल की प्राकृतिक आपदाओं के समय राज्य सरकार ने केंद्र की नीति-समर्थित डिजिटल व्यवस्था का भरपूर उपयोग किया और मात्र पांच दिनों के भीतर फार्मर आईडी के माध्यम से 14,000 करोड़ रुपये सीधे किसानों के खाते में भेजकर त्वरित राहत पहुंचाई।
शिवराज ने कहा कि एक ओर राज्य सरकारें एसडीआरएफ जैसी व्यवस्थाओं के माध्यम से फसल क्षति की भरपाई करती हैं, वहीं दूसरी ओर केंद्र सरकार प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों को बीमा कवरेज और मुआवजा दिलाने में कोई कमी नहीं छोड़ रही है। उन्होंने सोयाबीन सहित दलहन और तिलहन की फसलों का उल्लेख करते हुए कहा कि दाम गिरने की स्थिति में सरकार केवल खरीद पर निर्भर नहीं रहती, बल्कि भावांतर जैसी व्यवस्था के माध्यम से एमएसपी और बाजार भाव के बीच की पूरी की पूरी राशि सीधे किसान के खाते में डालने का विकल्प भी अपनाती है।
केंद्रीय मंत्री ने मध्य प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां भावांतर भुगतान योजना के जरिए बिना लाइन में लगाए, बिना अतिरिक्त लॉजिस्टिक लागत के, किसानों की आय को संरक्षण दिया गया है, और यही मॉडल अन्य राज्यों के लिए भी प्रेरक है।
Created On :   24 March 2026 7:56 PM IST











