New Delhi News: वासनिक ने कहा - हर दिन 12 दलित महिलाओं के साथ होता है बलात्कार, महिलाओं और बच्चों पर बढ़ती यौन हिंसा का मामला उठा

वासनिक ने कहा - हर दिन 12 दलित महिलाओं के साथ होता है बलात्कार, महिलाओं और बच्चों पर बढ़ती यौन हिंसा का मामला उठा
  • पूर्व केंद्रीय मंत्री व राज्यसभा सदस्य मुकुल वासनिक
  • हर दिन 12 दलित महिलाओं के साथ होता है बलात्कार

New Delhi News. पूर्व केंद्रीय मंत्री व राज्यसभा सदस्य मुकुल वासनिक ने आदिवासी महिलाओं और बच्चों के खिलाफ यौन हिंसा के मामलों का जिक्र करते हुए बुधवार को कहा कि हर दिन 12 दलित महिलाओं के साथ बलात्कार होता है। आदिवासी महिलाओं और बच्चों को भी बढ़ती यौन हिंसा का निरंतर सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय समाज में हाशिए पर खड़े दलित आदिवासियों पर होने वाले अत्याचारों की काली रात समाप्त होने के आसार दूर-दूर तक नजर नहीं आ रहे।

राज्यसभा में शून्यकाल के दौरान वासनिक ने यह मसला उठाते हुए कहा कि दलितों और आदिवासियों के खिलाफ जाति-आधारित हिंसा से संबंधित आधिकारिक जानकारी 2023 तक ही उपलब्ध है। एनसीआरबी के मुताबिक, दलितों के खिलाफ अपराध 2019 में 45,935 मामलों से बढ़कर 2023 में 57,789 तक पहुंच गए। इसका मतलब है कि पूरे भारत में हर दिन दलितों के खिलाफ लगभग 158 जाति आधारित अपराध होते हैं। आदिवासियों के खिलाफ 2019 में 8,257 मामलों से बढ़कर 2023 में 12,960 मामले हो गए। औसतन, आदिवासी व्यक्तियों के खिलाफ हर दिन 36 अपराधों की रिपोर्ट की जाती है।

वासनिक ने कहा कि पुलिस जांच में अक्सर देरी हो जाती है या वे अधूरी रह जाती है। अदालतों में 90 प्रतिशत से ज्यादा गंभीर अत्याचार के मामले अभी भी लंबित हैं। दोषसिद्धि की दरें कम बनी हुई हैं, दलित मामलों के लिए लगभग 31.9 प्रतिशत और आदिवासी मामलों के लिए 24.6 प्रतिशत। जबकि कई अपराधों में बरी होने की दर 60 प्रतिशत से ज्यादा है। ऐसी कार्यप्रणालियां न्याय प्रणाली में विश्वास को कमजोर करती है।

Created On :   25 March 2026 8:14 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story