- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- रिलायंस टेलीकॉम से जुड़े ठिकानों पर...
Mumbai News: रिलायंस टेलीकॉम से जुड़े ठिकानों पर सीबीआई का छापा, 114.98 करोड़ के बैंक घोटाले से जुड़ा है मामला

Mumbai News. केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने बैंकिंग धोखाधड़ी के मामले में रिलायंस टेलीकॉम लिमिटेड के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मुंबई में कई ठिकानों पर छापेमारी की। इसमें सतीश सेठ और गौतम बी. दोशी के आवास और रिलायंस टेलीकॉम का रजिस्टर्ड कार्यालय शामिल है। छापेमारी के दौरान जांच टीम को कर्ज के लेनदेन, फाइनेंशियल रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले हैं, जिन्हें जब्त कर लिया गया है। यह कार्रवाई 114.98 करोड़ के कथित घोटाले से जुड़ी है, जिसमें कंपनी और उसके पूर्व निदेशकों पर गंभीर आरोप हैं।
सीबीआई ने इस मामले में रिलायंस टेलीकॉम लिमिटेड, उसके तत्कालीन निदेशक सतीश सेठ और गौतम बी. दोशी के अलावा अज्ञात लोक सेवकों और अन्य व्यक्तियों के खिलाफ कई धाराओं में आपराधिक साजिश और धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के तहत मामला दर्ज किया है। जांच एजेंसी के मुताबिक, यह मामला स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) की शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया है। आरोप है कि रिलायंस टेलीकॉम ने बैंक से लिए गए लोन के मामले में नियमों का उल्लंघन करते हुए फर्जीवाड़ा किया और जानबूझकर भुगतान में चूक कर एसबीआई को 114.98 करोड़ का नुकसान पहुंचाया। एसबीआई उन 11 बैंकों के कंसोर्टियम का हिस्सा था, जिसने कंपनी को कुल 735 करोड़ का टर्म लोन दिया था। शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि कर्ज की राशि का उपयोग निर्धारित उद्देश्यों के बजाय अन्य गतिविधियों में किया गया जिससे बैंक का पैसा फंस गया।
Created On :   26 March 2026 10:13 PM IST








