Mumbai News: मुंबई में मिशन लक्ष्यवेध के तहत खिलाड़ियों के लिए बड़ा मौका, चयन ट्रायल्स की घोषणा - मिलेगी बेहतर ट्रेनिंग

मुंबई में मिशन लक्ष्यवेध के तहत खिलाड़ियों के लिए बड़ा मौका, चयन ट्रायल्स की घोषणा - मिलेगी बेहतर ट्रेनिंग
  • चयनित खिलाड़ियों को मिलेगी बेहतर ट्रेनिंग
  • ‘मिशन लक्ष्यवेध’ के तहत खिलाड़ियों के लिए बड़ा मौका

Mumbai News. राज्य खेल एवं युवक सेवा संचालनालय की ओर से “मिशन लक्ष्यवेध” के अंतर्गत मुंबई विभागीय केंद्र ने खिलाड़ियों की चयन प्रक्रिया शुरू कर दी है। राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर हिस्सा ले चुके 25 वर्ष से कम आयु के खिलाड़ी 31 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस योजना का उद्देश्य राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और विशेषज्ञ मार्गदर्शन देकर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार करना है।

इन खेलों के लिए होंगे ट्रायल

इस पहल के तहत वेटलिफ्टिंग, लॉन टेनिस, शूटिंग और टेबल टेनिस खेलों के लिए विभागीय स्तर पर चयन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। चयन प्रक्रिया में विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा खिलाड़ियों के कौशल का परीक्षण किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को आगे उन्नत प्रशिक्षण और करियर मार्गदर्शन भी दिया जाएगा। आवेदन के लिए ट्रायल के समय जन्म प्रमाण पत्र, स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट, आधार कार्ड, खेल उपलब्धियों के प्रमाण पत्र, बोनाफाइड सर्टिफिकेट और अभिभावक का सहमति पत्र जमा करना जरूरी होगा। साथ ही ट्रायल के दिन मूल दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य रहेगा। विभाग ने अधिक से अधिक खिलाड़ियों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है, ताकि राज्य को भविष्य के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय चैंपियन मिल सकें।

कब और कहां होंगे ट्रायल्स

6 अप्रैल: स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स, कोपरी (ठाणे) में वेटलिफ्टिंग

7 अप्रैल: महाराष्ट्र स्टेट लॉन टेनिस एसोसिएशन, कुपरेज क्लब (मुंबई) में लॉन टेनिस

8 अप्रैल: कामगार कल्याण मंडल, दादर में शूटिंग

9 अप्रैल: नवी मुंबई स्पोर्ट्स एंड सामाजिक विकास मंडल, पनवेल में टेबल टेनिस

Created On :   26 March 2026 9:19 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story