- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- महिला आयोग के अध्यक्ष पद से इस्तीफे...
Mumbai News: महिला आयोग के अध्यक्ष पद से इस्तीफे के बाद अब पार्टी पद पर भी संकट, रुपाली चाकणकर पर बढ़ा दबाव

Mumbai News. महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। महिला आयोग के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद अब रुपाली चाकणकर की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। राकांपा (अजित) में उनके खिलाफ असंतोष खुलकर सामने आने लगा है। सूत्रों के मुताबिक मंगलवार को पार्टी के कई विधायकों और वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी प्रमुख सुनेत्रा पवार से मांग की है कि चाकणकर को महिला प्रदेश अध्यक्ष पद से भी हटा दिया जाए। नेताओं का कहना है कि उनके कारण पार्टी की छवि को नुकसान पहुंच रहा है।
पार्टी बैठक में हुआ फैसला
बताया जा रहा है कि मंगलवार को सुनेत्रा पवार के देवगिरि बंगले पर हुई एक अहम बैठक में इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में मौजूद नेताओं ने एक राय से यह सुझाव दिया कि चाकणकर को संगठनात्मक जिम्मेदारी से भी मुक्त किया जाना चाहिए। सूत्रों का कहना है कि बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं एवं विधायकों ने सुनेत्रा पवार से इस संबंध में जल्द से जल्द फैसला लेने को कहा। खबर है कि सुनेत्रा बहुत जल्द चाकणकर को लेकर फैसला लेने वाली है।
वीडियो विवाद के बाद बढ़ा राजनीतिक दबाव
दरअसल नाशिक के कथित ज्योतिष अशोक खरात के साथ रुपाली चाकणकर के वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए थे। इस विवाद ने तूल पकड़ लिया, जिसके बाद विपक्ष ने सरकार और चाकणकर दोनों पर निशाना साधा। विपक्ष के लगातार हमलों के बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने चाकणकर से इस्तीफा देने को कह दिया। इसके बाद उन्होंने महिला आयोग के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। अब पार्टी के अंदर ही उनके खिलाफ आवाज उठने से साफ है कि मामला सिर्फ एक पद तक सीमित नहीं रहा है। आने वाले दिनों में यह देखना अहम होगा कि पार्टी नेतृत्व इस विवाद को कैसे संभालता है और चाकणकर के राजनीतिक भविष्य पर क्या असर पड़ता है।
Created On :   26 March 2026 10:10 PM IST








