Mumbai News: क्राइम ब्रांच में अब सिर्फ अनुभवी अधिकारियों की नियुक्ति, ट्रैक रिकॉर्ड खंगाला जाएगा - गृह विभाग

क्राइम ब्रांच में अब सिर्फ अनुभवी अधिकारियों की नियुक्ति, ट्रैक रिकॉर्ड खंगाला जाएगा - गृह विभाग

Mumbai News. बड़े और हाई-प्रोफाइल मामलों में पुलिस विभाग की साख बनाए रखने के लिए राज्य सरकार ने अहम फैसला लिया है। अब लोकल क्राइम ब्रांच में केवल अनुभवी और योग्य अधिकारियों की ही नियुक्ति की जाएगी। गृह विभाग के एक अधिकारी ने दैनिक भास्कर को बताया कि मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गृह विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को इस संबंध में स्पष्ट निर्देश दिए हैं। आदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि क्राइम ब्रांच में तैनाती से पहले अधिकारियों का पूरा ट्रैक रिकॉर्ड खंगाला जाए उसके बाद ही नियुक्ति की जाए।

हाई-प्रोफाइल केस को ध्यान में रखकर फैसला

बताया जा रहा है कि हाल के कुछ मामलों में जांच की गुणवत्ता और अधिकारियों की कार्यशैली को लेकर सवाल उठे थे। इसी को देखते हुए सरकार ने यह कदम उठाया है, ताकि भविष्य में किसी भी तरह की लापरवाही या विवाद से बचा जा सके। अब जिन अधिकारियों को क्राइम ब्रांच में पोस्टिंग दी जाएगी, उनके पिछले कामकाज, जांच का अनुभव और प्रदर्शन को प्राथमिकता दी जाएगी। खासतौर पर संगठित अपराध, आर्थिक अपराध और संवेदनशील मामलों को संभालने का अनुभव रखने वाले अधिकारियों को तवज्जो मिलेगी।

विभाग की छवि सुधारने पर फोकस

गृह विभाग का मानना है कि क्राइम ब्रांच पुलिस का अहम हिस्सा है, जो सीधे तौर पर कानून-व्यवस्था और न्याय व्यवस्था से जुड़ा होता है। ऐसे में यहां तैनात अधिकारियों की दक्षता और ईमानदारी बेहद जरूरी है। सरकार के इस फैसले को विभाग की छवि सुधारने और जांच की गुणवत्ता बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। आने वाले समय में इसका असर बड़े मामलों की जांच और उनकी निष्पक्षता पर देखने को मिल सकता है।

Created On :   26 March 2026 10:17 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story