- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- पिछले 8 सालों में अबकी बार सबसे...
बजट अधिवेशन: पिछले 8 सालों में अबकी बार सबसे अधिक दिन चला सदन, विधानमंडल के बजट अधिवेशन में 20 दिन हुआ कामकाज

Mumbai News. महाराष्ट्र विधानमंडल के बजट अधिवेशन में 20 दिन तक सदन चला है। इस बार के बजट अधिवेशन में पिछले 8 सालों में सबसे अधिक दिन तक सदन में चलने का रिकॉर्ड कायम हुआ है। विधानमंडल के बजट अधिवेशन की शुरुआत 23 फरवरी से हुई थी। जबकि सत्रावसान 25 मार्च को हुआ है। विधानमंडल के दोनों सदनों में कुल 20 दिन कार्यवाही हुई। विधानसभा में कुल 197 घंटे 44 मिनट और विधान परिषद में 143 घंटे 51 मिनट तक सदन में कामकाज हुआ। हालांकि इस बजट अधिवेशन में साल 2018 का रिकॉर्ड नहीं टूट पाया है। साल 2018 के बजट अधिवेशन में कुल 22 दिनों चल सदन की कार्यवाही चली थी। विधानमंडल सचिवालय की ओर से मिली जानकारी के अनुसार साल 2025 में 16 दिनों, साल 2024 में 5 दिनों, साल 2023 में 18 दिनों, साल 2022 में 15 दिनों, साल 2021 में 8 दिनों, साल 2020 में 14 दिनों और साल 2019 में 4 दिनों तक सदन चला था। जिसमें से साल 2020 से साल 2022 के बीच प्रदेश में तत्कालीन मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली महाविकास आघाड़ी सरकार थी। ठाकरे सरकार के दौरान कोरोनाकाल संकट होने के कारण अधिवेशन की अवधि कम दिनों की थी।
मंत्रियों के नदारद रहने के कारण 3 घंटे 45 मिनट बर्बाद
इस बार बजट अधिवेशन के दौरान विधानसभा में मंत्रियों की गैरहाजिर होने के कारण 1 घंटे और विधान परिषद में मंत्रियों की अनुपस्थिति के कारण 2 घंटे 45 मिनट समय बर्बाद चला गया। वहीं विधान सभा में विभिन्न कारणों से 15 मिनट और विधान परिषद में अलग-अलग कारणों से 4 घंटे 35 मिनट का समय व्यर्थ चला गया। नियमों के अनुसार सदन में विधायकों की गणपूर्ति और मंत्रियों की गैरमौजूदगी के कारण कार्यवाही नहीं होती है। जबकि प्रदेश में मुख्यमंत्री को मिलाकर 35 कैबिनेट मंत्री और 6 राज्य मंत्री हैं। राज्य मंत्रिमंडल में कुल 41 मंत्री हैं। महाराष्ट्र मंत्रिमंडल में अधितम 43 मंत्री शामिल किए जा सकते हैं।
बजट सत्र में कामकाज की अवधि
साल कामकाज दिवस
2026 20
2025 16
2024 5
2023 18
2022 15
2021 8
2020 14
2019 4
Created On :   26 March 2026 9:27 PM IST











