मांग: पुरानी पेंशन शुरु करने की मांग, सरकारी कर्मचारी सड़क पर उतरे

कर्मचारियों के साथ उनके परिजन भी मोर्चा में सहभागी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। सरकारी सेवा में पूरी जिंदगी बिताने के बाद सेवानिवृत्त होने पर पेंशन नहीं मिलने से कर्मचारियों के परिवार आर्थिक संकट से परेशान हैं। सेवानिवृत्ति के बाद आर्थिक सुरक्षा दिलाने जूनी पेंशन लागू करने की मांग को लेकर सरकारी कर्मचारियों ने मोर्चा निकालकर आवाज बुलंद की। कर्मचारियों के साथ उनके परिवार भी मोर्चा में सहभागी हुए। सरकारी, अर्धसरकारी, जिप शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी समन्वय समिति तथा राज्य सरकारी कर्मचारी मध्यवर्ती संगठन के आह्वान पर आंदोलन किया गया।

संविधान चौक में जोरदार प्रदर्शन

वेरायटी चौक से मोर्चा निकालकर संविधान चौक पहुंचने पर जनसभा में तब्दील हुआ। राज्य कर्मचारी संगठन प्रदेश अध्यक्ष अशोक दगड़े की अध्यक्षता में जनसभा हुई। सभा से पहले मोर्चे में सहभागी कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।

मांगें मनवाकर ही दम लेंगे

जनसभा को संगठन के नेताओं ने संबोधित किया। जूनी पेंशन लागू करने की मांग मनवाकर ही दम लेने को लेकर नारेबाजी की। जूनी पेंशन योजना को नकारनेवाली सरकार को उनकी जगह दिखाने के लिए आगामी लोकसभा व विधानसभा चुनाव में विरोध में मतदान का संकल्प लेने का आह्वान किया गया। आंदोलन में राज्य सरकारी कर्मचारी मध्यवर्ती संगठन के अशोक दगड़े, जिप कर्मचारी यूनियन अध्यक्ष अरविंद अंतूरकर, कास्ट्राइब जिप कर्मचारी संगठन जिलाध्यक्ष डॉ. सोहन चवरे, नाना महल्ले, बुधाजी सरकार, जयंत दंडारे, विजय बुरे, सुभाष पडोले, गोपीचंद कातूरे, विट्ठल जूनघरे, देवेंद्र बोरकर, वासुदेव वाकोडीकर, शिवाजी ढोमने, सुजीत अढाऊ, मेघा करारे, वंदना परिहार, किशोर िभवगड़े आदि ने नेतृत्व किया।

Created On :   9 Nov 2023 10:14 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story