मौसम की मार: बारिश से नुकसान, खेतों तक पहुंचेंगे राजनीतिक कार्यकर्ता

बारिश से नुकसान, खेतों तक पहुंचेंगे राजनीतिक कार्यकर्ता
राजनीति गर्माने के साफ आसार

डिजिटल डेस्क, नागपुर। अतिवृष्टि व असमय बारिश से नुकसान के मामले को लेकर राजनीति गर्माने के साफ आसार हैं। सत्ता पक्ष की ओर से पालकमंत्रियाें को जिला स्तर पर जिम्मेदारी दी गई है। स्थानीय अधिकारियों व राजनीतिक कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर पालकमंत्री, विधायक व सत्तापक्ष के अन्य जनप्रतिनिधि खेतों तक पहंुंचेंगे। विपक्ष की ओर से कांग्रेस व राकांपा शरद पवार गुट भी ऐसी ही तैयारी में है।

तैयार फसल मंडियों में नहीं पहुंची : अतिवृष्टि के कारण राज्य के विविध जिलों में कृषि क्षेत्र में बड़ा नुकसान हुआ है। इस सप्ताह भी असमय बारिश ने नागपुर सहित विदर्भ के कई हिस्सों को बुरी तरह से प्रभावित किया है। नागपुर, गोंदिया, बुलढाणा, अमरावती व अकोला जिले में सबसे अधिक नुकसान अनुमानित है। कपास, सोयाबीन व तुअर की फसल तैयार होने के बाद भी पूरी तरह से किसानों के घरों व मंडियों तक नहीं पहुंच पाई है। कपास, सोयाबीन व तुअर भीगने से किसानों को बड़ा नुकसान हो रहा है। सब्जी की फसल भी प्रभावित हुई है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे व उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सभी पालकमंत्रियों से कहा है कि वे जिला स्तर पर नुकसान का प्रत्यक्ष जायजा लें। राज्य सरकार किसानों के लिए राहत की घोषणा भी कर सकती है।

किसानों से चर्चा करेंगे वरिष्ठ नेता : उधर कांग्रेस ने वरिष्ठ नेताओं को काम पर लगाया है। विजय वडेट्टीवार नागपुर, वसंत पुरके चंद्रपुर, सुनील देशमुख बुलढाणा, रणजीत कांबले अमरावती, अभिजीत वंजारी गोंदिया, अमित झनक यवतमाल, नाना गावंडे भंडारा, वीरेंद्र जगताप वाशिम, यशोमति ठाकुर अकोला, सुनील केदार वर्धा जिले में खेतों तक पहुंचकर किसानों से चर्चा करेंगे। राकांपा शरद पवार गुट ने संघर्ष यात्रा के माध्यम से नागरिकों व किसानों से संवाद का अभियान शुरू किया है। विधायक रोहित पवार के नेतृत्व में 12 दिसंबर को संघर्ष यात्रा नागपुर पहुंचेगी। 13 िजलों में इस यात्रा के माध्यम से राकांपा संपर्क करेगी। यात्रा के अंतिम चरण में वर्धा, नागपुर जिले में किसानों से चर्चा की जाएगी।

Created On :   30 Nov 2023 5:57 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story