Delhi Satya Niketan Incident: दिल्ली सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे में सरकार ने लिया बड़ा एक्शन, बिना मंजूरी के पांच मंजिला बनी इमारतें होंगी सील

दिल्ली सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे में सरकार ने लिया बड़ा एक्शन, बिना मंजूरी के पांच मंजिला बनी इमारतें होंगी सील
दिल्ली के सत्य निकेतन में हुए बिल्डिंग हादसे में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बड़ा आदेश जारी किया है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली के सत्य निकेतन में हुए बिल्डिंग हादसे में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बड़ा आदेश जारी किया है। जिसमें उन सभी इमारतों को अब सील कर दिया जाएगा, जो बिना मंजूरी की पांच मंजिला बनी हुई हैं। इसके अलावा सरकार ने MCD के डिप्टी कमिश्नर समेत कई अधिकारियों को सस्पेंड भी कर दिया है।

सीएम रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा, "सत्य निकेतन में बिल्डिंग गिरने की दुखद घटना के बाद MCD के डिप्टी कमिश्नर, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर, सुपरिटेंडिंग इंजीनियर, असिस्टेंट इंजीनियर और जूनियर इंजीनियर को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। बिल्डिंग के मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया है।"

दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

इस फैसले के साथ ही मुख्यमंत्री ने बताया कि सत्य निकेतन हादसे को सरकार ने बेहद गंभीरता से लिया है। इस घटना के बाद आसपास के PG और अन्य बिल्डिंग की बारीकी से जांच कराई जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वाले मालिकों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इन मामलों में शामिल जिम्मेदार लोगों को भी किसी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

30 साल पुरानी बिल्डिंग?

MCD अधिकारियों का कहना है कि हादसे का शिकार होने वाली इमारत PG के तौर पर इस्तेमाल की जा रही थी, जो करीब 30 साल पुरानी है। हादसा होने के बाद आसपास रहने वाले छात्रों में डर का माहौल बना हुआ है, क्योंकि बिल्डिंग की सेफ्टी को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।

वहीं, साउथ कैंपस पुलिस ने इस बिल्डिंग के मालिक समेत अन्य लोगों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या, इमारत के रखरखाव में लापरवाही और सुरक्षा खतरे में डालने के आरोपों में केस दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि रेस्क्यू ऑपरेशन सोमवार को दूसरे दिन भी जारी है।

Created On :   7 Sept 2026 5:10 PM IST

Tags

Next Story