Delhi News: जल भराव की समस्या को लेकर दिल्ली सरकार पर जमकर बरसे APP नेता, "फोर-इंजन सरकार" हो चुकी है फेल

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में जलभराव की स्थिति को लेकर आम आदमी पार्टी (APP) नेता सौरभ भारद्वाज ने सीएम रेखा गुप्ता पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा मैं दिल्ली सरकार का धन्यवाद करता हूं क्योकि उन्होंने फ्री में वाटर पार्क की व्यवस्था की है।
बता दें, सोमवार (24 अगस्त) को दिल्ली में बारिश हुई जिसकी वजह से सड़कें और गलियां तालाब में तब्दील हो गईं। उसी पानी में एक स्कूल वैन सड़क पर पानी में फंस गई, जिसके बाद उन स्कूली बच्चियों को सड़क पर भरे पानी में ही उतरना पड़ा।
सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर स्कूली वैन का वीडियो शेयर किया और तंज कसते हुए लिखा, ''दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जी और BJP सरकार को बहुत बहुत धन्यवाद। दिल्ली में बच्चों के लिए फ्री में वाटर पार्क की व्यवस्था करने के लिए धन्यवाद।''
उन्होंने एक वीडियो शेयर कर रेखा गुप्ता सरकार को घेरा। उन्होंने लिखा, ''यह दृश्य दिल्ली के सबसे मशहूर कमर्शियल हब, सदर बाजार का है। दुकानों में पानी भर गया है, सामान खराब हो रहा है और दुकानदार बेबस हैं। जब से "फोर-इंजन सरकार" बनी है, पूरी दिल्ली में जगह-जगह पानी भरने की गंभीर समस्या हो रही है। नालों की सफाई के बड़े-बड़े दावों की पोल खुल गई है। प्रशासन अपनी नींद से कब जागेगा?''
Created On :   25 Aug 2026 12:08 AM IST












