- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- विजय शाह पर कार्रवाई रोकने की...
MP News: विजय शाह पर कार्रवाई रोकने की तैयारी, कर्नल सोफिया कुरैशी टिप्पणी मामले में कैबिनेट का बड़ा फैसला आज

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने कैबिनेट मंत्री विजय शाह को कर्नल सोफिया कुरैशी पर की गई टिप्पणी के मामले में कानूनी कार्रवाई से बचाने का मन बना लिया है। आज कैबिनेट बैठक में शाह के खिलाफ अभियोजन स्वीकृति नहीं दिये जाने का प्रस्ताव लाया जा रहा है। कैबिनेट से प्रस्ताव पारित करा कर इसे राज्यपाल को भेजा जाएगा। सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित एसआईटी एक साल से शाह के खिलाफ अभियोजन स्वीकृति मांग रही है।
यह भी पढ़े -दिल्ली में बड़ा सड़क हादसा, डिवाइडर तोड़कर दूसरी कार से भिड़ी अनियंत्रित कार, दो विधायकों समेत 6 लोग हुए घायल
एक साल से अटका है मामला
विजय शाह के खिलाफ एसआईटी ने अपनी जांच पूरी कर ली है। जांच के बाद टीम ने केस चलाने की अनुमति मांगी थी। लेकिन करीब एक साल से इस पर अंतिम फैसला नहीं हो पाया है। सरकार की अनुमति के बिना शाह के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई में दिक्कत आ रही है। इसी वजह से एसआईटी की रिपोर्ट आने के बाद भी मामला आगे नहीं बढ़ सका।
सुप्रीम कोर्ट भी जता चुका है नाराजगी
मालूम हो कि, इस मामले में सुप्रीम कोर्ट पहले ही मध्य प्रदेश सरकार को जल्द फैसला लेने के लिए कह चुका है। 19 जनवरी 2026 को कोर्ट ने सरकार को दो हफ्ते में निर्णय लेने का निर्देश दिया था। बाद में मई में मामला फिर कोर्ट पहुंचा। तब भी फैसला नहीं होने पर अदालत ने सरकार को चार हफ्ते का समय दिया था। इसके बावजूद 23 जुलाई की रिपोर्ट में पता चला कि पहले दिए गए आदेश पर अब तक जरूरी दस्तावेज जमा नहीं हुए थे। अब 31 अगस्त को इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में अगली सुनवाई होनी है। इसलिए आज होने वाली कैबिनेट बैठक के फैसले पर सभी की नजर है।
मंजूरी मिली तो आगे क्या होगा?
अगर कैबिनेट केस चलाने की अनुमति देती है तो प्रस्ताव राज्यपाल के पास भेजा जाएगा। राज्यपाल की मंजूरी के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू हो सकती है। वहीं, अगर सरकार अनुमति नहीं देती है तो भी मामला पूरी तरह खत्म नहीं होगा। ऐसी स्थिति में आगे कानूनी रास्ता खुला रह सकता है, खासकर अगर शाह मंत्री पद पर नहीं रहते।
क्या है मामला?
यह पूरा मामला 11 मई 2025 को महू के रायकुंडा गांव में दिए गए एक बयान के बाद शुरू हुआ था। शाह ने कर्नल सोफिया कुरैशी को 'आतंकवादियों की बहन' कहकर संबोधित किया था। बयान पर विवाद बढ़ने के बाद शाह ने माफी मांगी थी। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने भी उनकी माफी पर नाराजगी जताई थी।यह भी पढ़े -'जनता को सड़क और रसोई दोनों जगहों पर कीमत चुकानी...', चीनी के बढ़ते दामों पर विपक्ष ने साधा सरकार पर निशाना
Created On :   25 Aug 2026 11:05 AM IST












