Delhi Road Accident: दिल्ली में बड़ा सड़क हादसा, डिवाइडर तोड़कर दूसरी कार से भिड़ी अनियंत्रित कार, दो विधायकों समेत 6 लोग हुए घायल

दिल्ली में बड़ा सड़क हादसा, डिवाइडर तोड़कर दूसरी कार से भिड़ी अनियंत्रित कार, दो विधायकों समेत 6 लोग हुए घायल
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में PWD ऑफिस के पास रविवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो विधायकों समेत 6 लोग घायल हो गए।

डिजिटल डेस्क, दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में PWD ऑफिस के पास रविवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो विधायकों समेत 6 लोग घायल हो गए। घायलों में आम आदमी पार्टी के विधायक अनिल झा और कर्नाटक के बीजेपी विधायक अभय पाटिल शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, हादसा रात करीब साढ़े 9 बजे हुआ। लक्ष्मी नगर से ITO जा रही एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और फिर रेलिंग को पार कर सामने की तरफ से आ रही इनोवा से जा भिड़ी।

कार को आशुतोष पांडे ड्राइव कर रहे थे, उनक साथ पत्नी और दो बच्चे मौजूद थे। दोनों वाहनों की टक्कर होते ही तेज धमाके जैसी आवाज हुई और चीख-पुकार मच गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गाड़ियों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के समय आसपास मौजूद पुलिसकर्मियों और राहगीरों ने बिना समय गंवाए तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही आई.पी. एस्टेट थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची।

घायलों का अस्तपाल पहुंचाया

हादसे में दोनों गाड़ियों में मौजूद सभी 6 लोगों को चोटें आईं। पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक, सभी घायलों की हालत पूरी तरह स्थिर है और उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया है। वहीं, आई.पी. एस्टेट थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Created On :   24 Aug 2026 12:24 AM IST

Tags

Next Story