Punjab Elections 2027: अकाली दल से नहीं होगा गठबंधन! पंजाब की सभी 117 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी बीजेपी

डिजिटल डेस्क, दिल्ली। पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। इस सियासी रण को जीतने के लिए सभी दलों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी के तहत बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष राज्य के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अकाली दल के साथ कोई गठबंधन नहीं होगा। बीजेपी अकेले ही राज्य की 117 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उनके इस बयान के साथ ही बीजेपी और अकाली दल के गठबंधन की अटकलों पर पूरी तरह विराम लग गया।
पंजाब बदलाव के लिए तैयार
बीएल संतोष ने कहा कि पंजाब बदलाव चाहता है और इस बार वह इसके लिए तैयार है। इस बार बीजेपी पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में आएगी। सोमवार को पंजाब पहुंचे बीजेपी राष्ट्रीय महासचिव का पंजाब प्रदेशाध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और पार्टी सह-प्रभारी नरेंद्र सिंह रैना ने मोहाली एयरपोर्ट पर स्वागत किया।
हाल ही में विधानसभा चुनाव को देखते हुए राज्य में बीजेपी की नई टीम का गठन किया गया था। इसके बाद पार्टी में अंसतोष की भावना पैदा हुई थी। इसी को थामने के लिए बीएल संतोष दो दिवसीय दौरे पर पंजाब पहुंचे हैं।
दौरे के पहले दिन राष्ट्रीय महासचिव ने पटियाला और बठिंडा में संगठनात्मक बैठकों की अध्यक्षता की। कल यानि 25 अगस्त को वह अमृतसर में जोनल बैठकों का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा प्रदेश महासचिवों के साथ भी बीएल संतोष बैठक करेंगे। इस दौरान राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों में संगठन के कामकाज की समीक्षा की जाएगी।
Created On :   24 Aug 2026 7:53 PM IST












