नीति आयोग की रिपोर्ट ने बढ़ाई चिंता?: रोजगार के मुद्दे पर प्रियंका गांधी का केंद्र सरकार पर वार, बोलीं- युवाओं में बढ़ रही बेचैनी और निराशा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। नीति आयोग ने रोजगार को लेकर एक रिपोर्ट जारी की है। इस रिपोर्ट को लेकर राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई है। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने रिपोर्ट का हवाला देते हुए केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि देश में पिछले 40 वर्षों में बेरोजगारी की स्थिति सबसे खराब रही है। इसकी वजह से युवाओं में निराशा देखने को मिल रही है। साथ ही कांग्रेस नेता ने सरकार पर मैन्युफैक्चरिंग और MSME क्षेत्र की अनदेखी करने का आरोप लगाया है।
यह भी पढ़े -खरगे के शुद्धिकरण वाले बयान पर चिराग पासवान की आई प्रतिक्रिया, ऐसी घटना हुई है तो वह गलत ,सरकार इसकी जांच कराए
8.7 करोड़ युवा बेरोजगार
नीति आयोग की हालिया रिपोर्ट में बताया गया है कि 15 से 29 वर्ष की उम्र के करीब 8.7 करोड़ भारतीय युवा ऐसे हैं, जो न तो पढ़ाई कर रहे हैं और न ही किसी रोजगार में हैं। इसके अलावा ये युवा किसी तरह की ट्रेनिंग भी नहीं ले रहे हैं।
आयोग ने इसे एक चुनौतीपूर्ण स्थिति बताया है। रिपोर्ट में सुझाव दिया गया है कि ऐसे युवाओं के लिए सस्ती या सब्सिडी वाली ट्रेनिंग, स्वरोजगार के अवसर और स्थानीय जरूरतों के अनुरूप स्किलिंग कार्यक्रम उपलब्ध कराने की जरूरत है।
यह भी पढ़े -प्रियंका गांधी वाड्रा के 'गोमूत्र-एक्सपर्ट' बयान पर विवाद, 38 देशों के वैज्ञानिकों समेत 14,000 लोगों की ऑनलाइन मुहिम
प्रियंका गांधी ने क्या कहा?
आयोग की रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, "हम पहले से ही जानते हैं कि पिछले 40 वर्षों में बेरोजगारी की दर सबसे ज्यादा है। यह साफ है कि युवाओं में बहुत बेचैनी, निराशा और हताशा है। हमने इसे छात्रों के विरोध-प्रदर्शनों में देखा है। यह एक नाकाम शिक्षा व्यवस्था और पिछले 12 वर्षों में नौकरी के अवसर पैदा न होने का नतीजा है। मैन्युफैक्चरिंग और MSME पर कोई जोर नहीं दिया गया। कुछ ऐसी नीतियां हैं, जो छोटे व्यवसायों, नौकरी देने वालों और यहां तक कि कृषि क्षेत्र को भी कमजोर कर रही हैं। मुझे लगता है कि यह एक ऐसा मुद्दा है, जिसे हम कुछ समय से उठाते रहे हैं।"
Created On :   24 Aug 2026 8:48 PM IST













