Bihar News: पटना में आज छात्रों का बड़ा मार्च, सीएम आवास घेराव की तैयारी, सुरक्षा के इंतजाम कड़े, क्या हैं प्रदर्शनकारियों की मांगें?

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बिहार की राजधानी पटना में मंगलवार सुबह छात्रों का बड़ा मार्च निकलने वाला है। गांधी मैदान से सुबह 11 बजे यह मार्च शुरू होगा। पिछले एक हफ्ते से छात्र गर्दनीबाग में अपनी मांगों को लेकर धरना दे रहे हैं। अब उन्होंने मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने का फैसला किया है। इस मार्च को कई छात्र और युवा संगठनों का साथ मिला है। RYA, SSAI और छात्र युवा संघर्ष मोर्चा समेत 14 संगठनों ने समर्थन दिया है। RJD ने भी मार्च का समर्थन किया है। बड़ी संख्या में छात्र और युवा इसमें शामिल हो सकते हैं। मार्च गांधी मैदान से शुरू होकर डाकबंगला, तारामंडल और जेपी गोलंबर से होते हुए सीएम आवास की ओर जाएगा।
सीएम आवास के पास बढ़ाई गई सुरक्षा
सीएम आवास और उसके आसपास का इलाका काफी संवेदनशील है। यहां मार्च या प्रदर्शन की अनुमति नहीं है। ऐसे में छात्रों और पुलिस के बीच टकराव की स्थिति बन सकती है। अगर प्रदर्शनकारी जेपी गोलंबर से आगे बढ़ने की कोशिश करते हैं तो पुलिस उन्हें रोक सकती है। जरूरत पड़ने पर लाठीचार्ज भी हो सकता है। मार्च को देखते हुए पटना के कई चौक-चौराहों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
70वीं BPSC परीक्षा फिर कराने की मांग
छात्रों की सबसे बड़ी मांग 70वीं BPSC परीक्षा को रद्द कर दोबारा कराने की है। उनका कहना है कि परीक्षा और रिजल्ट में कई सवाल खड़े हुए हैं। छात्र चाहते हैं कि पूरे मामले की जांच हाईकोर्ट के किसी जज की निगरानी में CBI से कराई जाए। उन्होंने नंबर, कॉपियों की जांच और टॉप करने वाले अभ्यर्थियों की मार्किंग पर भी सवाल उठाए हैं।
यह भी पढ़े -वंदे मातरम् विवाद पर संजय सिंह का BJP-RSS पर तीखा वार, बोले- देश के असली मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश
कई भर्तियों को लेकर सरकार से मांग
ABSU ने लाइब्रेरियन की भर्ती जल्द शुरू करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि यह भर्ती करीब 18 साल से नहीं हुई है। BSSC की परीक्षाओं में संविदा कर्मचारियों (Contractual Employees) को मिलने वाला वेटेज हटाने, रुकी परीक्षाओं की तारीख बताने और भर्ती समय पर पूरी करने की मांग भी की गई है। छात्रों ने 1799 पदों वाली दारोगा भर्ती रद्द करने की मांग भी उठाई है। साथ ही, असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती से पहले जरूरी एलिजिबिलिटी टेस्ट कराने की बात कही है।
45 साल उम्र और 90% डोमिसाइल आरक्षण की मांग
छात्र संगठन ने बिहार की सरकारी भर्तियों में अधिकतम उम्र 45 साल करने की मांग रखी है। इसके अलावा स्थानीय युवाओं के लिए 90 फीसदी तक आरक्षण वाली डोमिसाइल नीति लागू करने की मांग भी की गई है। ABSU चाहता है कि सभी सरकारी भर्तियों का सालाना कैलेंडर जारी हो। पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की मांग भी की गई है। अब सबकी नजर 25 अगस्त के प्रदर्शन पर है।
Created On :   25 Aug 2026 10:28 AM IST













