पेंशनधारकों के 43.51 लाख जमा कर दिए किसी अन्य के खाते में

पेंशनधारकों के 43.51 लाख जमा कर दिए किसी अन्य के खाते में
समुद्रपुर पेंशनधारकों के 43.51 लाख जमा कर दिए किसी अन्य के खाते में

डिजिटल डेस्क, समुद्रपुर. वर्धा जिले की समुद्रपुर तहसील में सेवानिवृत्ति (पेंशन) धारकों की राशि हड़पने का मामला सामने आया है। तहसील के पंचायत समिति के आरोपी वरिष्ठ सहायक ने मृत हुए पेंशनधारकों की राशि उनके वारिसदारों के खाते में जमा करने के बजाए अन्य खाते में जमा कर 43 लाख 51 हजार 204 रुपए की हेराफेरी  की। गटविकास अधिकारी की शिकायत पर समुद्रपुर पुलिस थाने में यशवंत नगर निवासी आरोपी दिलीप कृष्णराव मोजे के खिलाफ भादंवि की धारा 409 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, खामला रोड शिवशक्ति ले-आउट निवासी फरियादी रोशनकुमार कृष्णकुमार दुबे समुद्रपुर पंचायत समिति में गटविकास अधिकारी के रूप में कार्यरत है। आरोपी दिलीप मोजे सेवानिवृत्त वरिष्ठ सहायक (लेखा) पंचायत समिति समुद्रपुर में 2011-12 से 31 दिसम्बर 2021 तक कार्यरत थे। दिलीप मोजे 31 दिसंबर 2021 को रिटायर हुए। इसके बाद मोचे का चार्ज हुसुकले नामक कर्मचारी को दिया गया। दिलीप इसके बाद हुसकुले को सहयोग करने के बहाने ऑफिस जाया करता था और इसकी आड़ में अपनी हरकत को अंजाम दिया करता था। इसके कुछ दिन हुसकुले की जगह रवि पाटील नामक कर्मचारी की पोस्टिंग लेखापाल के पोस्ट पर हुई। रवि पाटील को शंका होने पर उन्होंने अपने स्तर पर जांच की और इसकी जानकारी बीडीओ रोशन दुबे को दी।  दुबे ने मामले की जानकारी जिला परिषद के आला अधिकारियों को दी तो लेखापाल अभय कुलकर्णी के नेतृत्व में जांच समिति का गठन कर जांच की गई। 

जांच में पाया गया कि आरोपी दिलीप कृष्णराव मोजे पर इन सभी मृतक निवृत्ति वेतन धारकों के कागजात निर्धारित अवधि में हासिल कर उसे पेंशन के लिए आगे भेजने की जिम्मेदारी थी। आरोपी ने 2017- 2021 तक मृत हुए कुछ कर्मचारियों की पेंशन मृतकों के परिवार को ट्रांसफर करने के बजाए किसी अन्य खाते में ट्रांसफर कर दी। इस तरह 2017 से लेकर 2022 तक लाखों रुपए की हेराफेरी की गई। मोजे ने अपने पंचायत समिति के कार्यकाल के दौरान कुछ निवृत्ति वेतन धारकों के मृत्यु के उपरांत डेथ सर्टिफिकेट लेकर संबंधित कर्मचारियों के परिवार के नाम पेंशन ट्रांसफर करने के बजाए किसी तीसरे नाम के व्यक्ति के बैंक खाते में जमा कर दिया। फरियादी की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ समुद्रपुर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया। आगे की जांच समुद्रपुर पुलिस कर रही है

जांच के बाद उजागर करेंगे नाम 

प्रशांत काले, थानेदार के मुताबिक मृतक पेंशनधारकाें के पैसे किसके खाते में जमा हुए यह जांच का विषय है। यदि नाम उजागर कर दिया गया तो आरोपी सतर्क हो जाएगा। जांच पूरी होने के बाद ही नाम को उजागर किया जाएगा। 

Created On :   8 Sep 2022 1:54 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story