राई खेत में लहलहा रहे थे अफीम की फसल, पुलिस देखते ही किसानों के उड़े होश

Chhatarpur : Police arrested 2 brothers in the case of opium farming
राई खेत में लहलहा रहे थे अफीम की फसल, पुलिस देखते ही किसानों के उड़े होश
राई खेत में लहलहा रहे थे अफीम की फसल, पुलिस देखते ही किसानों के उड़े होश

डिजिटल डेस्क, छतरपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मौराहा गांव में रविवार दिन में पुलिस ने एक खेत से अफीम के करीब 700 पौधे जब्त किए हैं। पुलिस ने जब तलाशी ली तो राई के खेत के बीच अफीम की खेती लहलहा रही थी। पुलिस द्वारा नशा मुक्ति अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत नशा का अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। मुखबिर की सूचना पर सीएसपी और सिविल लाइन टीआई की संयुक्त टीम ने मौराहा गांव के पास एक खेत पर छापामार कार्रवाई। इस कार्रवाई में एक खेत में बड़ी मात्रा में अफीम की खेती होते पाई गई। पुलिस ने यह अफीम जब्त कर मादक पदार्थ की खेती करने वाले दो सगे भाईयों को गिरफ्तार कर लिया।

दो भाइयों ने कर ली अफीम की खेती
सिविल लाइन थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मौराहा गांव के नाथनपुरवा हार में अफीम की खेती हो रही है। सिविल लाइन टीआई विनायक शुक्ला ने इस संबंध में एसपी तिलक सिंह और एडीशनल एसपी जयराज कुबेर को सूचित किया। इस पर एसपी ने सीएसपी उमेश शुक्ला और सिविल लाइन टीआई विनायक शुक्ला को एफएसएल टीम और पुलिस बल को मौके पर भेजा। इस टीम में सीएसपी उमेश शुक्ला, टीआई विनायक शुक्ला, एसआई नीतेन्द्र मराबी, प्रधान आरक्षक सतीश तिवारी, हरचरण, आरक्षक उत्तम, भगवानदास, ईश्वर प्रसाद, कुलदीप, रोशन, मलखान सिंह सहित एफएसएल टीम मौराहा के लिए रवाना हुई। यहां नाथनपुरवा हार में रामनाथ पटेल के बेटा महेश (45) और भगवानदीन पटेल (60) के खेत में बड़ी संख्या में अफीम के पौधे मिले। ये किसान पुलिस टीम को मौके पर ही मिल गए। जब इनसे पूछताछ की तो इन्होंने बताया कि वे खेत में पोस्ता की फसल उगाए हुए हैं न कि यह अफीम की फसल है। इस पर एफएसएल टीम ने प्राथमिक जांच में पाया कि यह पौधे अफीम के हैं। इस पर पुलिस ने महेश और भगवानदीन को हिरासत में ले लिया।

करीब एक एकड़ में लगे थे अफीम के पौधे
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने बताया कि नाथनपुरवा हार में महेश और रामदीन के खेत में राई के पौधों के साथ अफीम के पौधे बोए गए थे। करीब एक एकड़ में यह फसल राई के साथ लगाई गई थी। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों की मदद से इन पौधों को जब्त किया। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार करीब 700 से अधिक पौधे पुलिस ने बरामद किए हैं। दोनों ही आरोपियों के खिलाफ स्वापक औषधि एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

 

Created On :   24 March 2019 3:14 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story