बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ CM हाउस का घेराव करने जा रहे आंदोलनकारियों को पुलिस ने रोका; कई नेता गिरफ्तार

Madhya Pradesh Youth Congress protest against Modi and Shivraj Singh government kamal nath jaywardhan singh
बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ CM हाउस का घेराव करने जा रहे आंदोलनकारियों को पुलिस ने रोका; कई नेता गिरफ्तार
एमपी में यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ CM हाउस का घेराव करने जा रहे आंदोलनकारियों को पुलिस ने रोका; कई नेता गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस आज (बुधवार) देश में बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी को लेकर राजधानी भोपाल में विरोध प्रदर्शन कर रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ, युवा कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास, पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, विधायक क्रुणाल चौधरी जैसे नेताओं के नेतृत्व में हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने पीसीसी से निकलते ही रोक लिया है। कार्यकर्ताओं को रेडक्रॉस हॉस्पिटल के सामने रोका गया है।

 

 

इस दौरान पुलिस ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए वाटर कैनन का उपयोग किया, जिससे आंदोलनकारी तितर-बितर हो गए। वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस ने नोंकझोंक भी हुई है। इसके बाद पुलिस ने कुछ कांग्रेस नेताओं को गिरफ्तार भी किया है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि पुलिस ने लाठियां बरसाईं। कई कार्यकर्ताओं को इस दौरान चोट भी आई। 

 

इससे पहले, प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर कांग्रेसियों की खासी भीड़ जमा हुई। राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास ने कहा कि शिवराज सरकार कांग्रेस के घेराव से डर गई है, इसलिए विधानसभा सत्र समय से पहले ही खत्म कर दिया। मध्यप्रदेश बेरोजगारी में नंबर-1 है। मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री बंगाल चुनाव में व्यस्त थे और प्रदेश में लोग कोरोना से मर रहे थे।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में देश का अन्नदाता 8 महीने से बैठा है, लेकिन केंद्र सरकार कुछ नहीं कर रही है। देश में लोग कोरोना से नहीं बल्कि स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी से मरे हैं। लोगों को समय पर ऑक्सीजन, बेड और वेंटिलेटर की सुविधा नहीं मिल पाई। PCC चीफ कमलनाथ ने कहा कि मध्यप्रदेश किसानों की आत्महत्या, महिला अत्याचार और बेरोजगारी में नंबर-1 है। हमें सिर्फ साढ़े 11 महीने मिले थे। हमने किसानों के कर्जा माफ किया।

शिवराज सरकार के खिलाफ हमारा आंदोलन जारी रहेगा- जयवर्धन सिंह
पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने कहा कि हमारा संघर्ष नहीं रुकेगा। ये संघर्ष जारी रहेगा। ये हरकत है पुलिस की। हमारे युवाओं को ऐसे मारा गया है। युवाओं को लहुलुहान किया है। कांग्रेस कार्यकर्ता के खून की एक-एक बूंद प्रदेश की जनता के लिए समर्पित है। जो शिवराज सरकार की तानाशाही है। वो कुछ भी कर लें। लेकिन, कांग्रेस का आंदोलन, कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। क्योंकि आज के समय जनता परेशान है। जनता आक्रोशित है। गूंगी-बहरी शिवराज सिंह जी की सरकार जनता के प्रति असंवेदनशील हो चुकी है। हमारे कपड़े फाड़े गए हैं, तो प्रदेश की जनता के लिए फाड़े गए हैं। 

 

 

 

Created On :   11 Aug 2021 9:19 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story