13 साल से फरार चले रहे हत्या के आरोपी को साढ़ू ने गोली मारी

The accused of murder, who was absconding for 13 years, was shot by the brother-in-law
13 साल से फरार चले रहे हत्या के आरोपी को साढ़ू ने गोली मारी
पिता-पुत्र ने मिलकर दिया घटना को अंजाम 13 साल से फरार चले रहे हत्या के आरोपी को साढ़ू ने गोली मारी

डिजिटल डेस्क,छतरपुर। गौरिहार थाना में दर्ज हत्या के जुर्म में 2009 से फरार चल रहे 5 हजार के इनामी को पड़ोस के घर में बुलाकर उसके ही रिश्ते के साढ़ू व उसके पिता ने गोली मार कर हत्या कर दी। उक्त आरोपी गांव के एक अन्य हत्या के मामले में फरार चल रहा है, जो बेखौफ होकर गांव में रहता था। हत्या का मामला दर्ज होने से वह क्षेत्र में दहशत फैलाए था, जो लगातार 13 साल से फरारी काट रहा था, जो पड़ोसी के द्वारा ही आपसी विवाद पर मारा गया।

जानकारी के अनुसार गहवरा निवासी लखन दुबे उम्र 40 वर्ष को रविवार की शाम को पड़ोस में ही रहने वाले रामफल दुबे ने बुलाया। जहां रामफल अपने पिता ब्रजकिशोर दुबे और पत्नी के साथ बैठा था। इस दौरान इन लोगों की आपस में कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि रामफल ने कट्टे से गोली चला दी, जो लखन दुबे के सीने में लगी। गोली चलते ही अफरा-तफरी मच गई और उसे तत्काल इलाज के लिए लवकुशनगर स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। लखन दुबे ने 13 वर्ष पूर्व गांव के ही शुक्ला परिवार के युवक की हत्या की थी, तब से वह फरार चल रहा था। उसके ऊपर 5 हजार का इनाम घोषित था।

साढ़ू का था मृतक से रिश्ता : मृतक लखन दुबे ने अपनी साली का रिश्ता रामफल के साथ करवाया था। शादी के बाद साली को रामफल व उसके परिजन परेशान करते थे। रविवार को रामफल की पत्नी ने अपने जीजा मृतक लखन दुबे को समझौते के लिए घर बुलाया था। लखन जब आरोपियों के घर पहुंचा तो वहां कुछ कहासुनी हो गई। मृतक के पिता का आरोप है कि ब्रजकिशोर ने लखन के हाथ पकड़े और रामफल ने गोली मार दी। पुलिस ने मामले में जांच शुरू की है।
 

Created On :   5 Sep 2022 7:12 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story