- Home
- /
- परिवार सोया रहा और चोरों ने कर घर...
परिवार सोया रहा और चोरों ने कर घर से माल पार
डिजिटल डेस्क, नागपुर। हुड़केश्वर इलाके में कंपनी कर्मचारी के घर में घुसकर अज्ञात चोर सोने के गहने, नकदी और मोबाइल फोन सहित करीब 1 लाख 50 हजार 500 रुपए का माल चुरा ले गया। घटना 28-29 जून की दरमियानी रात 12.30 से सुबह 7 बजे के दरमियान हुई। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार प्लाॅट नं176 (ब) चिखले ले-आउट हुड़केश्वर निवासी राजेश माकोडे (38) ने चोरी की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह एक कंपनी में काम करता है।
घटना के दिन रात में वह परिवार के साथ मकान में साेए हुए थे। अज्ञात चोर दबे पांव मकान के दरवाजे की कुंडी खोलकर घुस गया। घर में घुसने के बाद उसने अलमारी के ऊपर रखी चाबी से लॉकर खोलकर सोने के गहने, नकदी 2,500 रुपए और उनकी पत्नी का मोबाइल फोन भी चुरा ले गया। उनकी पत्नी ने बगल में मोबाइल रखा था। वह मोबाइल चुरा ले गया लेकिन परिवार को पता ही नहीं चला। सुबह सोकर उठे तो अलमारी का दरवाजा खेला था और गहने गायब हो गए थे। राजेश ने हुड़केश्वर थाने में शिकायत की। थाने के उपनिरीक्षक पाचोडे ने धारा 457, 380 के तहत मामला दर्ज किया है।
Created On :   30 Jun 2022 6:56 AM GMT