पांढुर्णा न्यूज: होटल में मिली 15 दिन पुरानी ग्रेवी

पुरानी खाद्य सामग्री का विनष्टीकरण कराया गया तथा स्वच्छता संबंधी लापरवाही पर स्पॉट फाइन लगाया गया
डिजिटल भास्कर पांढुर्णा। राजस्व, खाद्य सुरक्षा एवं नगर पालिका के अमले ने रविवार को पांढुर्णा में खाद्य एवं मिष्ठान्न दुकानों का संयुक्त निरीक्षण किया। टीम ने कुल 16 दुकानों की जांच की। कार्रवाई के दौरान खराब एवं पुरानी खाद्य सामग्री का विनष्टीकरण कराया गया तथा स्वच्छता संबंधी लापरवाही पर स्पॉट फाइन लगाया गया। केशवा डेयरी पर बड़ी कार्रवाई निरीक्षण के दौरान केशवा डेयरी की तीन मशीनें सील की गईं। दूध में मरी हुई मक्खी, मिठाई में फफूंद तथा अधिक दिनों से रखी मिठाई का रंग काला पाया गया। मौके से दही के दो जार, आधा किलो मिठाई, 55 लीटर दूध एवं एक्सपायर्ड कैडबरी चॉकलेट की दो यूनिट का विनष्टीकरण कराया गया। परिसर में गंदगी मिलने पर ₹2,000 का स्पॉट फाइन किया गया। होटलों में भी मिली पुरानी ग्रेवी सौदागर होटल से चिकन, मटन, प्याज-टमाटर की 15 दिन पुरानी ग्रेवी तथा चना एवं साउजी मसाले की तीन दिन पुरानी ग्रेवी सहित कुल साढ़े 7 किलो ग्रेवी नष्ट कराई गई। होटल आदित्य में दो दिन पुरानी लगभग 10 किलो प्याज-टमाटर मसाला ग्रेवी एवं करीब 3 किलो बिरयानी राइस का विनष्टीकरण किया गया। योगेश उपहार गृह में खाद्य सामग्री नष्ट योगेश उपहार गृह में 24 यूनिट पिज्जा, जिसकी कीमत ₹1,680 तथा 17 गिलास लस्सी, जिसकी कीमत ₹680 थी, सहित कुल ₹2,360 की खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई। मिठाई के सैंपल भी लिए गए। समोसा-कचौड़ी भंडार एवं इंदौर सेव भंडार में गंदगी मिलने पर स्पॉट फाइन किया गया। बस स्टैंड की दुकानों को दिए निर्देश बस स्टैंड स्थित आठ दुकानों का निरीक्षण कर संचालकों को नियमित सफाई एवं स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। पूरी कार्रवाई के दौरान कुल ₹14,500 का स्पॉट फाइन किया गया। वहीं 08 लीगल एवं 06 सर्विलांस सहित कुल 14 सैंपल 38 भागों में एकत्रित किए गए। कार्रवाई कलेक्टर के निर्देश एवं एसडीएम पांढुर्णा के मार्गदर्शन में कार्यपालक मजिस्ट्रेट मोहित गणवीर, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सनोडिया, स्वास्थ्य निरीक्षक अजय कड़वे, पटवारीगण एवं नगर पालिका टीम द्वारा की गई।

Created On :   24 Aug 2026 3:19 AM IST

Tags

Next Story