- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पांढुर्ना
- /
- जंगली सुअर के हमले की कहानी निकली...
पांढुर्ना न्यूज: जंगली सुअर के हमले की कहानी निकली गलत,

भास्कर न्यूज पांढुर्ना.ग्राम घोघरी साहनी में मंगलवार की रात को एक युवक के घायल होने के मामले में बुधवार को उस समय असमंजस की स्थिति बन गई, जब युवक ने खुद को जंगली सुअर के हमले में घायल होना बताया। गंभीर चोटों के चलते उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे नागपुर रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि युवक ने मंगलवार रात गांव में आपत्तिजनक स्थिति में घूमते हुए एक मकान में जबरन प्रवेश करने का प्रयास किया था। इससे नाराज ग्रामीणों ने उसकी पिटाई कर दी, जिसमें वह घायल हो गया। इसके बाद अपनी रात की आपत्तिजनक गतिविधियों को छिपाने के लिए उसने बुधवार की सुबह खेत में काम के दौरान जंगली सुअर के हमले में घायल होने की बात बताई। यहीं नही उसने अपने परिजनों को भी इसमें शामिल करके पूरा घटनाक्रम तैयार किया।
युवक के निजी अंग में गंभीर चोट होने और जंगली सुअर के हमले की जानकारी सोशल मीडिया एवं न्यूज ग्रुपों में तेजी से फैलने लगी। मामला सामने आने के बाद प्रभारी तहसीलदार प्रेक्षा पाठक ने नायब तहसीलदार मोहित गणवीर को घटना की वास्तविकता पता करने के निर्देश दिए। नायब तहसीलदार मोहित गणवीर ने संबंधित गांव के पटवारी एवं राजस्व अमले से जानकारी जुटाई। राजस्व अमले से मिली जानकारी में सामने आया कि युवक के घायल होने का कारण जंगली सुअर का हमला नहीं, बल्कि मंगलवार रात ग्रामीणों द्वारा की गई मारपीट बताया गया। मामले की वास्तविकता सामने आने के बाद जंगली सुअर के हमले की चर्चा को लेकर बनी असमंजस की स्थिति स्पष्ट हुई। फिलहाल घटना को लेकर पुलिस स्तर पर कोई कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई।
Created On :   26 Aug 2026 8:54 PM IST










