Panna News: इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के माध्यम से भी कृषक हितग्राही प्राप्त कर सकते हैं पीएम किसान सम्मान निधि

Panna News: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ कृषक हितग्राहियों द्वारा इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक खाते के माध्यम से भी प्राप्त किया जा सकता है। पन्ना जिले में लगभग 139 डाकघर शाखाएं कार्यरत हैं। इसके माध्यम से नागरिकों को बैंकिंग सेवाएं सुलभ कराई जा रही हैं। डीबीटी के जरिए हितग्राहियों को डाकघर के खातों में किसान सम्मान निधि का लाभ प्रदान किया जाएगा। इस संबंध में कलेक्टर ऊषा परमार द्वारा सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व तथा तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा है कि अधीनस्थ राजस्व अमले के माध्यम से नागरिकों एवं हितग्राहियों को आईपीपीबी में खाता खोलने के लिए प्रेरित कर आवश्यक सहयोग भी प्रदान किया जाए जिससे अधिकाधिक पात्र हितग्राहियों को समय सीमा में सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
विदित हो कि जिले में पीएम किसान सम्मान निधि पोर्टल पर एनपीसीआई के तहत 4400 से अधिक खाते लंबित होने से पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ समय पर प्राप्त नहीं हो पा रहा है। डाकघर में खाता खुलवाकर इस समस्या का आसानी से निराकरण संभव है। हितग्राही अपने घर या निकटतम डाकघर से आधार बैंक खाता डीबीटी करा सकते हैं। इससे लंबी दूरी तय करने व अनावश्यक औपचारिकताओं से छुटकारा मिलने के साथ समय और श्रम की भी बचत होगी। तहसीलदार भू संसाधन प्रबंधन मेघेन्द्र बंदोपाध्याय ने बताया कि डाकघर में नवीन खाता खुलवाकर किसानों द्वारा समस्या का निराकरण करवाया जा सकता है। साथ ही लंबित एनपीसीआई की कार्यवाही के लिए हितग्राहियों के पास बैंक शाखा में पहुंचकर आधार बैंक खाता डीबीटी के लिए एनेबल करवाने की कार्यवाही पूर्ण कराने का विकल्प भी पूर्ववत यथावत है।
Created On :   20 May 2026 2:52 PM IST














