- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- पवई-कटनी मार्ग की बदहाल सडक़ बनीं...
Panna News: पवई-कटनी मार्ग की बदहाल सडक़ बनीं मुसीबत, गढ्ढों में तब्दील हुआ सफर

Panna News: पवई से कटनी को जोडऩे वाला प्रमुख मार्ग इन दिनों अपनी बदहाली की कहानी खुद बयां कर रहा है। सडक़ पर जगह-जगह बने गहरे गढ्ढे, उखड़ी हुई डामर की परत और बिखरी हुई गिट्टी राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। नगर के तहसील कार्यालय क्षेत्र से लेकर बायपास और आगे कटनी मार्ग तक सडक़ की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि वाहन चालकों को दुर्घटना की आशंका के बीच सफर तय करना पड़ रहा है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि यह मार्ग पवई को कटनी, ग्रामीण क्षेत्रों तथा आसपास के कई गांवों से जोडऩे वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। प्रतिदिन सैकड़ों दोपहिया, चारपहिया और मालवाहक वाहन इस सडक़ से गुजरते हैं लेकिन लंबे समय से सडक़ की मरम्मत नहीं होने के कारण इसका अधिकांश हिस्सा गढ्ढों में तब्दील हो चुका है। कई स्थानों पर सडक़ की डामर पूरी तरह उखड़ चुकी है और केवल गिट्टी एवं पत्थर दिखाई दे रहे हैं। तस्वीरों में साफ दिखाई दे रहा है कि सडक़ पर बने बड़े-बड़े गढ्ढों में पानी भरा हुआ है।
ऐसे में वाहन चालकों को गढ्ढों की वास्तविक गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता जिससे दुर्घटना की संभावना बढ़ जाती है। दोपहिया वाहन सवारों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार वाहन चालक गढ्ढों से बचने के लिए सडक़ के किनारे से निकलने का प्रयास करते हैं जिससे हादसे का खतरा और बढ़ जाता है। स्थानीय नागरिकों के अनुसार बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाएगी। बारिश का पानी गढ्ढों में भर जाने से सडक़ पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने की संभावना है। ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित विभाग को सडक़ की मरम्मत कराना चाहिए लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि समय-समय पर यदि औपचारिक पैचवर्क ही कर दिया जाता तो कुछ दिनों के लिए राहत मिलती। लोगों की मांग है कि सडक़ की संपूर्ण मरम्मत कराकर गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य कराया जाए ताकि लंबे समय तक समस्या का समाधान हो सके। क्षेत्रीय नागरिकों ने जनप्रतिनिधियों एवं लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि सडक़ की जर्जर स्थिति का तत्काल निरीक्षण कराकर आवश्यक मरम्मत कार्य शुरू कराया जाए। उनका कहना है कि सडक़ की खराब हालत न केवल लोगों के समय और धन की बर्बादी कर रही है बल्कि किसी बड़े हादसे को भी आमंत्रित कर रही है।
Created On :   17 Jun 2026 3:28 PM IST














